Movie prime
PMC_Hospital

पांडेयपुर चौकी में पत्रकार से बदसलूकी पर मचा सियासी घमासान- अखिलेश यादव और कांग्रेस ने सरकार को घेरा

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्वीट कर लिखा- 'सुन ले संसदीय क्षेत्र प्रधान', कांग्रेस महानगर अध्यक्ष धरनास्थल पहुंचे

Ad

 
sdc
WhatsApp Group Join Now

Ad

वाराणसी / डिजिटल डेस्क (भदैनी मिरर)। वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर थाना अंतर्गत पांडेयपुर पुलिस चौकी के भीतर एक स्थानीय पत्रकार के साथ सिपाही द्वारा की गई बदसलूकी और मारपीट के प्रयास का मामला अब उग्र राजनीतिक रूप ले चुका है। घटना के विरोध में स्थानीय पत्रकारों द्वारा थाने के बाहर किए जा रहे प्रदर्शन के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश सरकार व वाराणसी पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
पीड़ित पत्रकार देवेंद्र पांडेय के अनुसार, बुधवार को वह खबर के सिलसिले में पांडेयपुर चौकी गए थे। वहां मौजूद एक सिपाही ने, जो अत्यधिक शराब के नशे में धुत बताया जा रहा है, पत्रकार के साथ अभद्रता करते हुए उनकी गाड़ी की चाभी और मोबाइल छीनने का प्रयास किया। यह पूरी घटना पांडेयपुर चौकी प्रभारी के सामने घटी। घटना के बाद अन्य पुलिसकर्मियों ने आरोपी सिपाही को वहां से भगा दिया, जिसके विरोध में आक्रोशित पत्रकार थाने के बाहर धरने पर बैठ गए।

Ad

सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने ट्वीट कर साधा निशाना


मामले की गंभीरता को देखते हुए सपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए भाजपा सरकार और स्थानीय प्रशासन पर कड़ा प्रहार किया। अखिलेश यादव ने लिखा:
 

 "सुन ले 'संसदीय क्षेत्र प्रधान'
 विरोध में हैं पत्रकार-किसान
 ये इस बात का है प्रमाण
 कि भाजपा चंद दिन की मेहमान"


 

वर्दी पहनकर नशा, बदतमीज़ी और दादागिरी अब आम बात - अजय राय 

Ad


यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने लिखा  कि भाजपा सरकार में पुलिस का मनोबल इस कदर बढ़ चुका है कि वर्दी पहनकर नशा, बदतमीजी और दादागिरी अब आम बात हो गई है। थाने में नशे में धुत पुलिसकर्मी ने पत्रकार साथी के साथ अभद्रता और धमकी दी। भारी बारिश के बीच पत्रकार साथी घंटों से न्याय की आस में थाने के बाहर बैठे हैं और अपनी आवाज उठाने के लिए अर्धनग्न प्रदर्शन करने को मजबूर हैं। उन्होंने सत्ता व शराब के नशे में चूर पुलिसकर्मी पर तुरंत सख्त कार्रवाई और उसे बर्खास्त करने की मांग की।
 

Ad

कांग्रेस महानगर अध्यक्ष पहुंचे धरना स्थल, बोले- "UP को बना दिया पुलिस स्टेट"
 

घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे कार्यकर्ताओं के साथ लालपुर-पांडेयपुर थाने के बाहर पहुंचे और बारिश के बीच पत्रकारों के साथ धरने पर बैठ गए।
 

पत्रकारों को अपना नैतिक समर्थन देते हुए राघवेंद्र चौबे ने कहा:
 

 "यह बेहद शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि जो पत्रकार समाज के गरीब, कमजोर और कभी-कभी पुलिस वालों को भी न्याय दिलाने का काम करते हैं, आज उन्हें खुद न्याय के लिए बारिश और ठंड के मौसम में थाने के गेट पर घंटों बैठना पड़ रहा है। योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश को 'पुलिस स्टेट' बना दिया है। हमारी स्पष्ट मांग है कि चौकी का सीसीटीवी फुटेज निकाला जाए और आरोपी सिपाही की तुरंत मेडिकल जांच कराकर उस पर कड़ी कार्रवाई की जाए।"


राघवेंद्र चौबे ने यह भी जानकारी दी कि यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भी दिल्ली से इस घटना का संज्ञान लिया है और पत्रकारों को अपना पूरा नैतिक समर्थन दिया है।


 

निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग


थाने के बाहर धरने पर बैठे पत्रकारों का कहना है कि जब तक दोषी सिपाही का मेडिकल परीक्षण कराकर उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित या बर्खास्त नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। विपक्षी दलों के लगातार हमलों और पत्रकारों के एकजुट विरोध के बाद पुलिस के उच्च अधिकारियों पर कार्रवाई का भारी दबाव बन गया है। तमाम दबाव के बाद मौके पर 4 घंटे बाद एसीपी कैंट प्रज्ञा पाठक मौके पर पहुंची। उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए, आरोपी सिपाही के मेडिकल की बात कही।