BHU ट्रामा सेंटर पहुंचे अजय राय ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठाए सवाल, महावत और मिर्जामुराद के घायलों का जाना हाल
डबल इंजन सरकार के दावों पर उठाए सवाल; कहा- केवल विज्ञापनों से नहीं, अस्पतालों में मरीजों को वास्तविक सुविधा मिलने से सुधरेगी व्यवस्था
वाराणसी (भदैनी मिरर): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने भारतीय जनता पार्टी की 'डबल इंजन' सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोमवार (19 अक्टूबर 2026) को बीएचयू (BHU) स्थित ट्रॉमा सेंटर पहुंचे अजय राय ने वहां की लचर व्यवस्थाओं और मरीजों को हो रही दुश्वारियों पर गंभीर चिंता जताई।

घायलों का जाना हालचाल, परिजनों से की मुलाकात
ट्रॉमा सेंटर भ्रमण के दौरान अजय राय ने रामनगर की विश्व प्रसिद्ध रामलीला में हाथी के हमले में घायल हुए महावत छपलू से मुलाकात कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इसके साथ ही उन्होंने मिर्जामुराद में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल लोगों के परिजनों और ट्रॉमा सेंटर में भर्ती अन्य मरीजों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना व समस्याओं की जानकारी ली।
"एम्स के दावे करने वाली सरकार प्राथमिक उपचार भी नहीं दे पा रही"
मरीजों से मिलने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए अजय राय ने कहा कि देश में एम्स जैसे बड़े चिकित्सा संस्थानों के विस्तार और विश्वस्तरीय सुविधाओं के दावे किए जाते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री के अपने संसदीय क्षेत्र काशी की वास्तविक स्थिति इन दावों से पूरी तरह जुदा है।
उन्होंने कहा—
"जब एक बड़े और प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान (BHU) में गंभीर हादसों के शिकार मरीजों को बुनियादी सुविधाओं और समय पर इलाज के लिए जूझना पड़े, तो सरकार के दावों का क्या अर्थ रह जाता है? केंद्र और प्रदेश दोनों जगह भाजपा की सरकार है, फिर भी यदि ट्रॉमा सेंटर में स्थिति दयनीय है तो इसकी जवाबदेही कौन लेगा?"
व्यवस्था समीक्षा और जवाबदेही तय करने की मांग
अजय राय ने मांग की कि सरकार केवल प्रचार और विज्ञापनों तक सीमित न रहे, बल्कि बीएचयू ट्रॉमा सेंटर सहित वाराणसी के प्रमुख सरकारी चिकित्सा संस्थानों की व्यवस्थाओं की तत्काल समीक्षा करे। उन्होंने कहा कि इमरजेंसी में आने वाले हर मरीज के लिए एक-एक मिनट कीमती होता है, ऐसे में संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए ताकि आम नागरिकों को समय पर सम्मानजनक इलाज मिल सके।
इस दौरान उनके साथ ओमप्रकाश ओझा, सतनाम सिंह, विकास सिंह, चंचल शर्मा, विनोद सिंह कल्लू, राजेंद्र गुप्ता, विश्वनाथ कुंवर, मुरारी यादव, आयुष पटेल, सुंदरम सिंह और तुषार पटेल समेत कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
