वाराणसी में गंगा के ऊपर दिखेगा वायुसेना का शौर्य: 3 दिन चलेगा भव्य एयर शो, PM मोदी होंगे शामिल, राजघाट पुल व नौका संचालन रहेगा बंद
नमो घाट से अस्सी घाट के बीच 100 से अधिक लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्टर दिखाएंगे करतब; 16 अक्टूबर से नमो घाट पर आम प्रवेश बंद।
वाराणसी (भदैनी मिरर): धर्म और संस्कृति की नगरी काशी का आसमान जल्द ही भारतीय वायुसेना (IAF) के जाबांजों के हैरतअंगेज कारनामों का साक्षी बनने जा रहा है। भारतीय वायुसेना के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में वाराणसी में 22, 23 और 25 अक्टूबर को तीन दिवसीय भव्य एयर शो का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन के अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद काशीवासियों और पर्यटकों के साथ वायुसेना का यह पराक्रम देखेंगे।


नमो घाट से लेकर अस्सी घाट के बीच गंगा नदी के ठीक ऊपर 100 से अधिक नवीन और प्राचीन लड़ाकू विमान तथा हेलीकॉप्टर अपने हवाई करतब दिखाएंगे। आयोजन की तैयारियों को लेकर एयरफोर्स प्रयागराज के अधिकारियों ने सर्किट हाउस सभागार में जिला प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक कर रूपरेखा तैयार की है।

दोपहर 12 से 2 बजे तक आसमान में दिखेगा गर्जन
एयरफोर्स अधिकारियों के अनुसार, तीनों दिन दोपहर 12 बजे से 2 बजे के बीच लगभग डेढ़ घंटे का मुख्य प्रदर्शन होगा। इस दौरान आसमान में एक साथ 3 से 5 एयरक्राफ्ट हवा में कलाबाजियां दिखाते नजर आएंगे। इन विमानों की उड़ान गाजियाबाद, लखनऊ, प्रयागराज के अलावा आसपास के जिलों जैसे गाजीपुर, आजमगढ़, चंदौली और बिहार-झारखंड के एअरबेस से होगी।

16 अक्टूबर से नमो घाट पर आम प्रवेश रहेगा बंद
एयर शो का मुख्य केंद्र नमो घाट होगा, जहां से पूरे कार्यक्रम का सीधा प्रसारण और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की मॉनिटरिंग की जाएगी।
-
सुरक्षा के कड़े इंतजाम: सुरक्षा कारणों से 16 अक्टूबर से नमो घाट पर आम जनता का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।
-
भीड़ नियंत्रण: आयोजन में 15 से 25 लाख लोगों की भीड़ जुटने का अनुमान है। इसके लिए वाराणसी पुलिस प्रशासन के साथ चंदौली, गाजीपुर और जौनपुर का पुलिस बल भी तैनात रहेगा।
-
वीआईपी मेहमान: कार्यक्रम में 5000 से अधिक विशेष अतिथियों और पर्यटकों के शामिल होने की संभावना है।
राजघाट पुल पर ट्रैफिक और गंगा में नाव संचालन रहेगा ठप
आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को देखते हुए कड़े फैसले लिए गए हैं:
-
राजघाट पुल पर पाबंदी: एयर शो के दौरान प्रतिदिन 2 घंटे के लिए नमो घाट के पास स्थित ऐतिहासिक राजघाट पुल पर सड़क और रेल यातायात पूरी तरह से बंद रहेगा।
-
नौका संचालन बंद: एयर शो के दौरान नमो घाट से अस्सी घाट के बीच गंगा में सभी प्रकार की नौकाओं और क्रूज का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।
-
घाटों पर बैरिकेडिंग: पर्यटकों की सुरक्षा के लिए गंगा घाटों पर पुलिस, अर्द्धसैनिक बल और डीप वाटर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी।
