Movie prime
PMC_Hospital

उधारी के पैसे को लेकर दो दुकानदारों में छिड़ी रार, गांव में जमकर चले लाठी-डंडे; तीन युवक गंभीर रूप से घायल

मिर्जामुराद में उधारी के पैसे मांगने पर भड़का विवाद, दो पक्षों की मारपीट में तीन युवक लहूलुहान; एक रेफर।

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बड़ी खजूरी गांव में रविवार की रात ग्राहक के उधारी पैसों को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। दो दुकानदारों के बीच उपजी कहासुनी के बाद एक पक्ष ने लाठी-डंडों से हमला कर दूसरे पक्ष के तीन युवकों को लहूलुहान कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां से एक युवक की नाजुक हालत को देखते हुए उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया है।

Ad

जानकारी के अनुसार, (मिर्जामुराद) बड़ी खजूरी निवासी मोहित बिंद और पड़ोसी का गांव में ही अगल-बगल चाय-पान की दुकानें हैं। बताया जा रहा है कि एक ग्राहक पर मोहित की दुकान का कुछ पैसा उधार था। रविवार रात वही ग्राहक बगल स्थित पड़ोसी की दुकान पर बैठा हुआ था। मोहित ने वहां जाकर ग्राहक से अपने उधारी के पैसों की मांग की, जिस पर दोनों दुकानदारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। उस समय आसपास मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकान के पास मामला शांत होने के कुछ ही देर बाद दोनों पक्ष गांव के भीतर एक बार फिर आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि जमकर मारपीट शुरू हो गई। इस हमले में एक पक्ष के विकास बिंद, ऋषभ राजभर और किशन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को खजूरी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद विकास बिंद की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे वाराणसी रेफर कर दिया। मामले में पीड़ित पक्ष से मोहित बिंद ने मिर्जामुराद थाने पहुंचकर वंशलाल, नीरज और निखिल समेत अन्य लोगों के खिलाफ लिखित तहरीर दी है, और आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वही पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।