Movie prime
PMC_Hospital

वाराणसी के मिर्जामुराद में पुलिस और कंटेनर चालक के बीच झड़प मामले में वीडियो वायरल होने के बाद मुकदमा दर्ज

चालान से नाराज कंटेनर चालक ने पुलिस पर चढ़ाने का किया था प्रयास, दरोगा की तहरीर पर मामला दर्ज

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

Ad

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रखौना रिंग रोड के पास कंटेनर चालक और पुलिसकर्मियों के बीच हुई मारपीट के मामले में दरोगा की तहरीर पर अज्ञात चालक और खलासी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, हाईवे पर खड़े कंटेनर का चालान करने से नाराज चालक और खलासी ने दरोगा व हमराह सिपाही के साथ गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड से हमला करने का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी देते हुए कंटेनर लेकर फरार हो गए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है।

Ad
Ad

दरोगा अतुल कुमार शुक्ल की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार, 8 नवंबर को दीपावली के मद्देनजर वह हमराह सिपाही शिवानंद गौड़ के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। शाम करीब पौने तीन बजे रखौना रिंग रोड के पास नेशनल हाईवे-19 पर कंटेनर संख्या NL01AB7490 सड़क पर खड़ा मिला। इससे हाईवे पर आवागमन बाधित हो रहा था। चालक की तलाश करने और आवाज लगाने के बाद भी वह मौके पर नहीं मिला। इसके बाद दरोगा ने कंटेनर का चालान कर दिया।

तहरीर के मुताबिक, चालान के कुछ देर बाद चालक और खलासी गाली-गलौज करते हुए मौके पर पहुंचे। दोनों ने चालान करने को लेकर धमकी दी और लोहे की रॉड से पुलिसकर्मियों पर हमला करने का प्रयास किया। दरोगा ने उन्हें समझाते हुए कंटेनर सर्विस रोड पर खड़ा करने को कहा, लेकिन दोनों जान से मारने की धमकी देते हुए कंटेनर लेकर फरार हो गए।

वहीं, सामने आए वीडियो में पुलिसकर्मियों और कंटेनर चालक व खलासी के बीच जमकर हाथापाई होती दिखाई दे रही है। वीडियो में दरोगा द्वारा चालक को थप्पड़ मारने के बाद चालक का औजार लेकर पुलिसकर्मियों की तरफ बढ़ना और खलासी का लोहे का रॉड लेकर आना भी दिखाई देता है। चालक कंटेनर को बैक कर पुलिसकर्मियों की तरफ बढ़ाता और उन्हें कुचलने का प्रयास करता भी नजर आ रहा है।

इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर कथित अवैध वसूली का आरोप भी सामने आया था। हालांकि, दरोगा की तहरीर में कंटेनर के हाईवे पर खड़े होने और चालान के बाद हुए विवाद का उल्लेख किया गया है।