माल वाहक बैक करने में बच्चों के ऊपर गिरा दीवार, 5 साल के बच्चे की दर्दनाक मौत, एक अन्य बच्ची समेत दो घायल
गांव में बोरिंग कार्य के लिए आई थी मालवाहक, पीछे करते समय हुआ हादसा
Feb 24, 2026, 16:10 IST
WhatsApp
Group
Join Now
वाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र के सरैया गांव में मंगलवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें 5 वर्षीय बालक अनुराग की दीवार गिरने से मौत हो गई, जबकि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री सरोज देवी और एक बच्ची सृष्टि घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार, अनुराग अपने नाना महादेव के घर रह रहा था और प्रतिदिन गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने जाता था। सोमवार को भी वह अपनी अध्यापिका के साथ पढ़ाई के बाद घर लौट रहा था। जैसे ही वह अपने दरवाजे पर पहुंचा, तभी गांव में बोरिंग कार्य के लिए आई एक मालवाहक गाड़ी वहां बैक करने लगी।


बताया गया कि गाड़ी बैक करते समय कच्ची दीवार से जा टकराई, जिससे दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी। दुर्भाग्यवश उसी समय अनुराग और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री दीवार के पास थे, जो मलबे के नीचे दब गए।
घटना इतनी अचानक हुई कि कोई कुछ समझ नहीं सका। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दौड़कर दबे हुए लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक अनुराग की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री सरोज देवी और बच्ची सृष्टि गंभीर रूप से घायल पाई गईं। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

घटना की सूचना मिलते ही राजातालाब पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित कर लिया। मृतक के मामा अजीत ने बताया कि मालवाहक वाहन गांव में बोरिंग मशीन लेकर जा रहा था और बैक करते समय दीवार में टक्कर मार दी। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। इस दौरान सेवापुरी विधायक प्रतिनिधि अदिति सिंह पटेल मौके पर पहुंच परिजनों से ढांढस बढाया। वही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

