Movie prime
PMC_Hospital

वाराणसी में 25 दिनों का खौफ खत्म, कैंटोनमेंट के बंगला नंबर 61 में लगे पिंजरे में फंसा तेंदुआ

22 अक्टूबर को पहली बार सीसीटीवी में आया था नजर; सेंट मैरी स्कूल से लेकर नदेसर और वरुणा पार तक मचा रखा था हड़कंप

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

भदैनी मिरर,वाराणसी। वाराणसी के कैंटोनमेंट (छावनी) क्षेत्र में पिछले 25 दिनों से प्रशासनिक अमले की नींद उड़ाने और आम नागरिकों में दहशत पैदा करने वाला तेंदुआ आखिरकार पकड़ा गया। रविवार देर रात करीब 1 बजे छावनी क्षेत्र स्थित बंगला नंबर 61 के परिसर में वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में तेंदुआ सफलतापूर्वक कैद हो गया। तेंदुए के पकड़े जाने की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों और प्रशासन ने चैन की सांस ली है।

Ad

बंगला नंबर 61 में मिले थे ताजा निशान, बिछाया गया था जाल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बंगला नंबर 61 के परिसर में तेंदुए के पैरों के ताजा निशान देखे गए थे। इस सुराग के मिलते ही वन विभाग की टीम ने पूरी सतर्कता बरतते हुए उसी स्थान पर पिंजरा और जाल बिछाया था। रविवार की देर रात जब तेंदुआ एक बार फिर मूवमेंट करते हुए उस तरफ आया, तो वह लगाए गए पिंजरे में जा फंसा।

22 अक्टूबर से शहर में बना हुआ था खौफ का माहौल

गौरतलब है कि इस तेंदुए की आमद से पिछले करीब चार हफ्तों से वाराणसी के पॉश और व्यस्त रिहायशी इलाकों में भय का माहौल बना हुआ था। 22 अक्टूबर को सबसे पहले यह तेंदुआ एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ था, जिसके बाद एहतियात के तौर पर सेंट मैरी स्कूल को बंद करना पड़ा था। इसके बाद इस वन्यजीव ने नदेसर, कैंटोनमेंट, वरुणा नदी के किनारे और भोजूबीर जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में कई बार अपनी मौजूदगी दर्ज कराई, जिससे लोगों का रात के समय घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था।

वन विभाग की SOP का पालन, अधिकारियों ने की शांति बनाए रखने की अपील

मामले की जानकारी देते हुए प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) निधि चौहान ने बताया कि टीम द्वारा वन्यजीव और आम जनता की सुरक्षा से जुड़े सभी मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOP) का पूरी तरह पालन किया जा रहा है। उच्चाधिकारियों के निर्देशों के अनुसार तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू कर आगे की विधिवत कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और बंगला नंबर 61 के आसपास अनावश्यक भीड़ न जुटाएं। करीब एक महीने के लंबे संघर्ष के बाद आखिरकार वन विभाग के हाथ बड़ी सफलता लगी है, जिससे पूरे काशी वासियों ने बड़ी राहत महसूस की है।