

बरेका में 79वां स्वतंत्रता दिवस: ध्वजारोहण, सोलर पैनल उद्घाटन और ऐतिहासिक उत्पादन उपलब्धियां
महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया, विद्यार्थियों को सम्मान और सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत की व्हीलचेयर भेंट


देश का पहला पटरियों के बीच 15 KWp सोलर पैनल प्रोजेक्ट शुरू
ऐतिहासिक उत्पादन: 477 लोकोमोटिव, एरोडायनामिक इंजन और निर्यात में सफलता
पर्यावरण संरक्षण, खेल और सामाजिक कल्याण में बरेका की उपलब्धियां
दिव्यांग कर्मचारियों को आर्थिक सहयोग की नई परंपरा
राष्ट्रपति सेवा पदक से सम्मानित हुए बरेका के अधिकारी
वाराणसी, भदैनी मिरर। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में 79वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और गौरव के साथ मनाया गया। बरेका स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने ध्वजारोहण कर रेलवे सुरक्षा बल, सेंट जॉन्स एम्बुलेंस ब्रिगेड, नागरिक सुरक्षा दल, भारत स्काउट एवं गाइड सहित कई इकाइयों की परेड का निरीक्षण किया।
कार्यक्रम में बरेका इंटर कॉलेज के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट टॉपर छात्रों को सम्मानित किया गया। बरेका महिला कल्याण संगठन ने केन्द्रीय चिकित्सालय को व्हीलचेयर भेंट कर सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में चेतना विद्यालय, बाल निकेतन, संगीत महाविद्यालय, सेंट जॉन्स स्कूल और स्काउट-गाइड के बच्चों ने देशभक्ति रंग भरे।



देश का पहला रेलवे ट्रैक सोलर पैनल प्रोजेक्ट
स्वतंत्रता दिवस पर महाप्रबंधक ने भारत में अपनी तरह के पहले पायलट प्रोजेक्ट—रेलवे ट्रैक के बीच 15 KWp सोलर पैनल का उद्घाटन किया। स्वदेशी डिजाइन से तैयार ये पैनल ट्रेन यातायात को प्रभावित नहीं करेंगे और जरूरत पड़ने पर आसानी से हटाए जा सकेंगे।
वित्तीय वर्ष 2024-25 में बरेका ने अपने इतिहास का सर्वाधिक 477 लोकोमोटिव उत्पादन किया। जनवरी 2025 में 124 बोगियों और मार्च 2025 में 61 लोको का मासिक रिकॉर्ड भी बना। वर्ष 2025-26 में अब तक 171 विद्युत रेल इंजन और 2 डीजल इंजन का निर्माण हो चुका है। बरेका ने पहला एरोडायनामिक लोकोमोटिव और 2 सेट पुश-पुल लोकोमोटिव का निर्माण भी किया है।
अब तक कुल 10860 रेल इंजनों का निर्माण, जिसमें 2538 विद्युत इंजन शामिल हैं, पूरा हो चुका है। निर्यात में भी बरेका ने 174 इंजनों को विभिन्न देशों को भेजा है और इस वर्ष मोजाम्बिक के लिए 10 इंजनों के लक्ष्य में 2 भेजे जा चुके हैं।
बरेका में 3859 kWp क्षमता के सोलर प्लांट से 42.26 लाख यूनिट वार्षिक बिजली उत्पादन हुआ, जिससे 1.55 करोड़ रुपये की बचत हुई। भूमिगत जल संरक्षण के लिए 29 डीप रिचार्ज वेल, पौधारोपण अभियान और बायो फर्टिलाइजर संयंत्र स्थापित किए गए।


खेल, स्वास्थ्य और कल्याण
बरेका के खिलाड़ी रोहित यादव ने ताइवान एथलेटिक्स ओपन 2025 में भाला फेंक में स्वर्ण पदक जीता। स्वास्थ्य सेवाओं में मॉड्यूलर OT, आपदा प्रबंधन वार्ड और नई OPD बिल्डिंग निर्माण कार्य शामिल हैं। इस वर्ष पहली बार एक दिन में 6 मेजर सर्जरी सफलतापूर्वक की गईं।
स्वतंत्रता दिवस पर बरेका में दिव्यांग रेल कर्मचारियों को स्कूटी खरीदने के लिए ₹55,000 की आर्थिक मदद देने की नई परंपरा शुरू की गई। नागरिक सुरक्षा संगठन के वरिष्ठ निरीक्षक सम्पूर्णानन्द मिश्रा को राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक तथा स्टॉफ ऑफिसर संतोष कुमार और नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षक विद्या सागर पाण्डेय को राष्ट्रपति सराहनीय सेवा पदक हेतु चयनित किया गया।
कार्यक्रम में बरेका के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, स्काउट-गाइड, आरपीएफ, सेंट जॉन्स, सांस्कृतिक संस्थाओं के सदस्य एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी और उनके परिजन मौजूद रहे।


