Movie prime
PMC_Hospital

वाराणसी में बेकाबू ट्रक ने लोगों को रौंदा, मछली विक्रेता की मौत के बाद भड़का गुस्सा

चोलापुर के चमरहां बाजार में अनियंत्रित ट्रक दुकान में घुसा; भीषण हादसे में 1 की मौत, 5 गंभीर रूप से घायल, वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर चक्काजाम।

Ad

 
ds
WhatsApp Group Join Now

Ad

 

वाराणसी/चोलापुर (भदैनी मिरर): वाराणसी जिले के चोलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदापुर पुलिस चौकी के चमरहां (हनुमानगंज) बाजार में रविवार शाम एक भीषण और दर्दनाक हादसा हो गया। आजमगढ़ की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे मछली बेच रहे युवक और ग्राहकों को कुचल दिया। इसके बाद बेकाबू ट्रक करीब 40 फीट दूर स्थित खली-चुन्नी की एक दुकान में जा घुसा। इस भीषण दुर्घटना में मछली विक्रेता की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

Ad

हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने शव को वाराणसी-आजमगढ़ मुख्य मार्ग पर रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

ds

मछली विक्रेता की मौके पर मौत, 5 लोग घायल

हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान विकास सोनकर (26 वर्ष), पुत्र राजकुमार, निवासी गोपपुर के रूप में हुई है। वहीं मछली खरीदने पहुँचा 15 वर्षीय शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया।

इसके अलावा खली-चुन्नी दुकान के संचालक सतीश जायसवाल (60), कर्मचारी सोती हरिजन (53) और पल्लेदार चिल्लू यादव भी बेकाबू ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गए।

बाजार में मची अफरा-तफरी, अस्पताल में भर्ती

घटना होते ही चमरहां बाजार में चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही चंदापुर चौकी प्रभारी अविनाश मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) चोलापुर ले जाया गया। डॉक्टरों ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया, जबकि कुछ घायलों को परिजन निजी अस्पताल ले गए।

सड़क पर शव रख लगाया चक्काजाम, पुलिस ने चालक को पकड़ा

हादसे से भड़के ग्रामीणों और परिजनों ने विकास का शव वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर रखकर चक्काजाम कर दिया और मुआवजे व सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसडीएम सदर नितिन सिंह और एसीपी (सारनाथ) विनय कुमार द्विवेदी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।

परिवार में मचा कोहराम

मृतक विकास सोनकर अपने परिवार का मुख्य कमाऊ सदस्य था। उसकी एक वर्ष की मासूम बेटी है। मौत की खबर मिलते ही पत्नी मोनी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। विकास तीन भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गोपपुर गांव में मातम का माहौल है।