वाराणसी के 18 पर्यटन स्थल बनेंगे ग्लोबल डेस्टिनेशन, सारनाथ के लिए डिजिटल ब्रोशर बनाने का काम जारी
वाराणसी, भदैनी मिरर। शहर के पर्यटन को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए वाराणसी में चिन्हित 18 प्रमुख पर्यटन स्थलों को ग्लोबल डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। मंगलवार को कमिश्नरी सभागार में भारत सरकार की पर्यटन सचिव वी. विद्यावती की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई।


बैठक में मंडलायुक्त वाराणसी ने अब तक की प्रगति का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया कि पर्यटन स्थलों से जुड़े मार्गों पर उच्चस्तरीय साफ-सफाई की व्यवस्था की गई है। इसके लिए शिफ्टवार सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगाई जा रही है। साथ ही प्रमुख मार्गों से फैले बिजली के तारों के जंजाल को हटा दिया गया है या सुव्यवस्थित कर दिया गया है।

पर्यटकों के लिए नई सुविधाएँ
-
शहर में हेरिटेज साइनेंज का डिज़ाइन तैयार कर लिया गया है, जिसका क्रियान्वयन जल्द होगा।
-
काशी में 9 नए वॉकिंग टूर और 8 नई टूरिस्ट आईटिनरी तैयार की गई हैं, जिनकी लॉन्चिंग हाल ही में हो चुकी है।
-
काशी और सारनाथ के लिए डिजिटल ब्रोशर बनाने का काम जारी है।
-
अब तक 231 नाविकों और 318 टैक्सी ड्राइवरों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा चुका है, ताकि वे पर्यटकों को बेहतर अनुभव प्रदान कर सकें।
सचिव पर्यटन मंत्रालय ने अब तक हुए कार्यों पर संतोष जताते हुए बचे हुए कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल, एडीएम सिटी आलोक वर्मा, एडीएम प्रशासन विपिन कुमार, एडीएम एफआर वंदिता श्रीवास्तव और संयुक्त निदेशक पर्यटन दिनेश सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

