काशी में कला-संवाद और चित्रकला प्रतियोगिता, 150 कलाकार हुए शामिल
अभ्युदय संस्थान और आर्टिस्ट्री ऑफ़ वूमेन ने “वेद जी एवं अतुल्य काशी” विषय पर नागरी नाटक मंडली में आयोजित किया परिचर्चा सह चित्रकला कार्यशाला
वाराणसी। अभ्युदय संस्थान और आर्टिस्ट्री ऑफ़ वूमेन के संयुक्त तत्वावधान में काशी के ख्यातिलब्ध कलाकार स्वर्गीय वेद प्रकाश मिश्र की स्मृति में “वेद जी एवं अतुल्य काशी” विषयक परिचर्चा सह चित्रकला कार्यशाला एवं प्रतियोगिता का भव्य आयोजन 28 दिसंबर 2025 को नागरी नाटक मंडली, वाराणसी में किया गया। यह कार्यक्रम दिनभर दो सत्रों में संपन्न हुआ।



कार्यक्रम के प्रथम सत्र की अध्यक्षता वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ एवं नागरी नाटक मंडली न्यास के सचिव डॉ. अजीत सहगल ने की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में सुनीति शुक्ल, डॉ. अनिल सिंह (निदेशक, इंस्टिट्यूट ऑफ फाइन आर्ट्स, घमहापुर), संतोष शील, डॉ. बेला सहगल तथा स्वर्गीय वेद प्रकाश मिश्र की पुत्री हिमानी पाण्डेय उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और स्वर्गीय वेद प्रकाश मिश्र के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। स्वागत भाषण डॉ. शारदा सिंह ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कमर आरा द्वारा प्रस्तुत किया गया। सत्र का संचालन डॉ. सुजीत कुमार चौबे ने किया।


द्वितीय सत्र की अध्यक्षता तथा चित्रकला प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में प्रो. महेश सिंह (चित्रकला विभाग, छपाकला, काशी हिंदू विश्वविद्यालय) उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि एवं निर्णायक के रूप में डॉ. भारती मिश्र, ममता जायसवाल और डॉ. सुमित घोष ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
इस सत्र में विशेष आमंत्रित 8 कलाकारों—आजाद कपूर, शालिनी कश्यप, देवयानी राय, सुरेश कुमार सौरभ, रविशंकर सिंह अर्जुन, आशीष राय, संतोष शील, साधना गोस्वामी एवं पूजा शर्मा—को अंगवस्त्र, बैग और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

चित्रकला प्रतियोगिता में लगभग 150 कलाकारों ने भाग लिया, जिन्हें स्नातक और परास्नातक दो वर्गों में विभाजित किया गया। परास्नातक वर्ग में प्रथम पुरस्कार ₹5000, सांत्वना पुरस्कार ₹1000, जबकि स्नातक वर्ग में प्रथम पुरस्कार ₹2000, द्वितीय पुरस्कार ₹1500 और सांत्वना पुरस्कार ₹1000 के साथ प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
द्वितीय सत्र में स्वागत भाषण डॉ. शारदा सिंह तथा आभार प्रदर्शन निहारिका सिंह ने किया। कार्यक्रम का संचालन पुनः डॉ. सुजीत कुमार चौबे ने किया।
आयोजकों ने बताया कि इस कार्यशाला एवं प्रतियोगिता में बनाए गए चित्रों को जनवरी माह के प्रथम सप्ताह में क्यूरिटिका आर्ट गैलरी, अस्सी में प्रदर्शित किया जाएगा।
