भारत मंडपम में मोदी के सामने प्रदर्शन करनेवाले युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सौरभ सिंह रिहा, पहुंचे अमेठी
गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
पुलिस ने सौरभ को हिमाचल प्रदेश से किया था गिरफ्तार, भेजा था तिहाड़ जेल
अमेठी। दिल्ली के एआई समिट के दौरान भारत मंडपम में विरोध प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष सौरभ सिंह तिहाड़ जेल से रिहा होने के बाद गुरूवार को गृह नगर अमेठी पहुंचे। उनके यहां पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। सौरभ को पुलिस ने हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार किया था। बाद में उन्हें न्यायालय में पेश कर तिहाड़ जेल भेज दिया गया था।



गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। समर्थकों ने फूल-माला पहनाकर उनका अभिवादन किया। इस दौरान सौरभ सिंह ने कहा कि यह किसानों और युवाओं से जुड़ा मुद्दा है और इस संघर्ष को आगे भी जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहाकि कांग्रेस के साथ अमेठी के लोगों का भी सहयोग मिला, जिसने मेरा हौंसला बढ़ाया। आपको बता दें कि कुछ दिन पहले दिल्ली के भारत मंडपम में एआई समिट का कार्यक्रम हुआ था।

इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मौजूद थे। इसी दौरान कांग्रेस से जुड़े कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। अचानक हुए इस प्रदर्शन से खलबली मच गई थी। कार्यक्रम के बाद पुलिस ने इस मामले में नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था। मुंशीगंज के सेवई हेमगढ़ गांव के रहनेवाले सौरभ सिंह को पुलिस ने हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार किया था। स्वागत करनेवालों में युवा कांग्रेस अमेठी विधानसभा अध्यक्ष लोहा सिंह, गौरीगंज विधानसभा अध्यक्ष विकास और एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सुमित सिंह समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

