हर्ष फायरिंग के दौरान सिर में गोली लगी, युवा डीजे आपरेटर की मौत से अफरातफरी
बरात में आया युवक दो राउंड कर चुका था फायरिंग तीसरी गोली छोटू को जा लगी
गोली लगते ही बरात में मची भगदड़, फायरिंग करनेवाले की पुलिस कर रही तलाश
गोरखपुर। यूपी के गोरखपुर जिले के गगहा थाना क्षेत्र के पांडेयपार में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग से डीजे आपरेटर छोटू (18) की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उनके अनुसार बरात में आये एक युवक ने पहले दो राउंड हवा में फायरिंग की। हर्ष फायरिंग से देशभर में हो रही घटनाओं की जानकारी के बावजूद बरात में शामिल लोगों ने उसे रोकने का प्रयास नही किया। तबतक उस युवक ने पिस्टल से तीसरी फायरिंग कर दी और गोली सीधे डीजे आपरेटर छोटू की कनपटी में जा लगी। वह लहूलुहान होकर गिरा और बरात में भगदड़ मच गई। आनन-फानन में लोग उसे अस्पताल ले गये, लेकिन उसकी मौत हो गई। अब पुलिस हर्ष फायरिंग करनेवाले युवक की तलाश कर रही है। मृतक छोटू गौशाला, गोला गांव का निवासी था। इस घटना के बाद गगहा पुलिस की सुरक्षा में शादी हुई।


जानकारी के अनुसार, कौड़ीराम निवासी हरि गोविंद गुप्ता के बेटे शुभ्रांश कसौधन की बरात पांडेयपार स्थित बलुआ बाबा मंदिर के पास के मैरेज हॉल पहुंची थी। बरात के मंदिर के पास पहुंचते ही एक युवक ने पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक गोली गौशाला, गोला निवासी डीजे ऑपरेटर छोटू के सिर में जा लगी। घटना के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। घायल युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कौड़ीराम ले जाया गया।

हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि फायरिंग करनेवाले युवक की तलाश की जा रही है। सूत्रों के अनुसार फायरिंग करनेवाले युवक की पहचान हो गयी है। बताते हैं कि उसके पिता के नाम लाइसेंसी पिस्टल थी। पिता के निधन के बाद उसने अपने नाम वरासत करा लिया था।

