आयुष्मान योजना में फर्जी पैथोलॉजी रिपोर्ट पर योगी सरकार सख्त: रजिस्टर्ड पैथोलॉजिस्ट के बिना मान्य नहीं होगी जांच
साचीज सीईओ अर्चना वर्मा ने जारी किए सख्त निर्देश; स्कैन साइन, मैनुअल बदलाव और अनावश्यक जांचों पर कसेगा शिकंजा
लखनऊ/वाराणसी (भदैनी मिरर): आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत जांच रिपोर्ट में हेरफेर और फर्जीवाड़े की शिकायतों पर उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। योजना में पारदर्शिता, गुणवत्ता और मरीजों के हितों की सुरक्षा के लिए अब प्रत्येक पैथोलॉजी जांच रिपोर्ट पर योग्य और रजिस्टर्ड पैथोलॉजिस्ट का सत्यापन व हस्ताक्षर अनिवार्य कर दिया गया है। गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित अस्पतालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ आयुष्मान योजना के तहत उनकी सूचीबद्धता भी समाप्त की जा सकती है।

साचीज ने लागू किए सख्त दिशा-निर्देश
स्टेट एजेंसी फॉर कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (SACHIS) की सीईओ अर्चना वर्मा के अनुसार, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के महानिदेशक की ओर से 10 नवंबर को जारी दिशा-निर्देशों को आयुष्मान योजना से जुड़े सभी सूचीबद्ध अस्पतालों में लागू कर दिया गया है। इसका उद्देश्य जांच के नाम पर होने वाले संभावित फर्जीवाड़े, गलत रिपोर्टिंग और मरीजों पर पड़ने वाले अनावश्यक आर्थिक व चिकित्सकीय बोझ को रोकना है।
रजिस्टर्ड पैथोलॉजिस्ट ही करेंगे सत्यापन, स्कैन साइन पर रोक
नए नियमों के तहत प्रत्येक पैथोलॉजी रिपोर्ट का सत्यापन केवल अर्ह और रजिस्टर्ड पैथोलॉजिस्ट द्वारा ही किया जाएगा। इसके लिए विशेषज्ञ के पास एमडी, डीएनबी या डीसीपी पैथोलॉजी अथवा संबंधित विषय में मान्य योग्यता होना आवश्यक है। रिपोर्ट पर पैथोलॉजिस्ट का नाम, शैक्षणिक योग्यता और पंजीकरण संख्या दर्ज करना भी अनिवार्य किया गया है, ताकि किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में जिम्मेदारी तय हो सके।
पैथोलॉजिस्ट की अनुपस्थिति में उनके स्कैन किए गए हस्ताक्षर या पहले से हस्ताक्षरित लेटरहेड पर रिपोर्ट जारी करने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। यानी अब किसी विशेषज्ञ के नाम या दस्तखत का दुरुपयोग कर उनकी गैरमौजूदगी में रिपोर्ट जारी नहीं की जा सकेगी।
लैब टेक्नीशियन व फार्मासिस्ट स्वतंत्र रूप से नहीं दे सकेंगे रिपोर्ट
सीईओ अर्चना वर्मा ने स्पष्ट किया कि फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन या कोई अन्य कर्मचारी स्वतंत्र रूप से पैथोलॉजी रिपोर्ट जारी नहीं कर सकेगा। जांच केवल विधिवत पंजीकृत और अधिकृत पैथोलॉजी लैब में ही कराई जाएगी और उसका सत्यापन योग्य पैथोलॉजिस्ट से कराना अनिवार्य होगा। साथ ही, मशीन से तैयार होने वाले परिणामों में मैनुअल बदलाव करने और फर्जी रिपोर्ट अपलोड करने को गंभीर अनियमितता माना जाएगा।
हर सैंपल की होगी ट्रैकिंग, अनावश्यक जांचों पर हिदायत
नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक मरीज के सैंपल को एक विशिष्ट पहचान संख्या देना अनिवार्य किया गया है। रिपोर्ट में मरीज का नाम, जांच के लिए भेजने वाले डॉक्टर का नाम, सैंपल संग्रह का समय और सैंपल लेने वाले एजेंट या सेंटर का विवरण दर्ज करना होगा, जिससे सैंपल संग्रह से लेकर रिपोर्ट जारी होने तक का पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध रह सके।
इसके अलावा, अस्पतालों को मरीजों पर अनावश्यक जांचों का बोझ न डालने की भी हिदायत दी गई है। नए निर्देशों के अनुसार केवल चिकित्सकीय आवश्यकता के आधार पर ही जांचें कराई जा सकेंगी।
