
पत्नी ने रचाई दूसरी शादी तो पति ने गड़ासे से गला काटकर प्रेमी को मौत के घाट उतारा
लखनऊ रहीमाबाद थाना क्षेत्र के मवई कला गांव में हुई सनसनीखेज वारदात, दोनों हत्यारोपित गिरफ्तार




संजय ने पहली पत्नी रानी को छोड़ पड़ोस की महिला मीरा से कर ली थी शादी
शादी के बाद तीन साल से बदले की आग में जल रहा था मीरा का पहला पति सुनील
लखनऊ, भदैनी मिरर। यूपी की राजधानी लखनऊ में पत्नी के दूसरी शादी रचाने से नाराज पति सुनील ने अपने साथी संग गड़ासा से गला काटकर उसके प्रेमी संजय की बेरहमी से हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात रविवार की देर रात रहीमाबाद थाना क्षेत्र के मवई कला गांव में हुई। घटना के बाद घर में चीख पुकार सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम पहुंची। पुलिस ने परिवार और आसपास के लोगों से घटना के बाबत पूछताछ की। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। इस मामले में पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस टीम ने रात में ही हत्यारोपितों को गिरफ्तार भी कर लिया।


हत्या रहीमाबाद थाना क्षेत्र के मवई कला गांव के संजय (40) की हुई है। संजय की मां रामदुलारी देवी ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा डाला चलाता था। उसकी शादी लखनऊ के ही ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के बरौरा हुसैन बाड़ी की रानी से हुई थी। शादी के बाद संजय का सम्बंध पड़ोस की महिला मीरा से हो गया। संजय ने तीन साल पहले अपनी पहली पत्नी रानी को छोड़कर मीरा से शादी भी कर ली। मीरा की पहली शादी मड़ियांव के सुनील से हुई थी। हालांकि मीरा से संजय के सम्बंधों की जानकारी सुनील को पहले हो गई थी और उसने विरोध भी किया था, लेकिन मीरा और संजय ने नही माना।


अब पत्नी मीरा से शादी के बाद से सुनील भी बदले की आग में जल रहा था। कई बार मीरा की मौजूदगी में सुनील और संजय में विवाद हुआ। सुनील ने संजय को जान से मारने की धमकियां दी थीं। लेकिन संजय इसे हल्के में लेता रहा। जानकारी के अनुसार रविवार की देर रात दो लोग संजय के घर पहुंचे और संजय के घर का दरवाजा खटखटाया। अंदर से मां रामदुलारी ने पूछा कि कौन तो बताया गया कि हम संजय के दोस्त हैं। इसके बाद मां ने दरवाजा खोल दिया। अंदर घुसते ही हमलावरों ने पहले मां रामदुलारी का गला दबा दिया, ताकि वह शोर न मचा सके। इसके बाद शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए उन्होंने रामदुलारी को जमीन पर पटक दिया। फिर भी जमीन पर गिरते ही मां की चीख निकल गई।

मां की चीख सुनकर संजय भागकर पहुंचा। तब तक घर में रखा चारा काटनेवाला गड़ासा लेकर सुनील ने संजय पर कई वार कर दिये। हत्यारों पर खून सवार था। उधर, खून से लथपथ संजय जान बचाने के लिए चीखता हुआ घर के बाहर भागा। लेकिन आरोपितों ने उसका पीछा नही छोड़ा। संजय को घर के सामने से निकली नहर में गिरा दिया और फिर गड़ासे से कई वार करने के साथ ही उसका गला काट दिया। शोर सुनकर घर में सो रहे रामदुलारी के पौत्र अजीत (9) और अनुराग (6) भी आ गये, लेकिन क्या करते। इतने में आसपास के लोग भी आग गये। इससे पहले हत्यारे संजय की मौत का इत्मीनान हो जाने के बाद भाग चुके थे। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची। थानेदार समेत पुलिस टीम पहुंची। मां रामदुलारी ने हत्या में शामिल सुनील और उसके दोस्त के नाम बताये। इसके बाद तत्काल पुलिस सक्रिय हुई और रात में ही हत्यारे सुनील और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया।

