ससुराल में पत्नी ने डीजे पर साथ डांस नही किया तो पत्नी को पीटकर भाग निकला, सुबह खम्भे से लटकती मिली लाश
ग्रामीणों ने देखी लाश तो हुई ससुरालवालों को जानकारी
बदायूं के फैजगंज बेहटा क्षेत्र में हुई सनसनीखेज वारदात, मचा कोहराम
बदायूं। बदायूं के फैजगंज बेहटा क्षेत्र में सोमवार की सुबह युवक अनिल (25) का शव खंभे पर फंदे से लटकता मिलने से सनसनी फैल गई। युवक अपनी ससुराल के तिलक समारोह में शामिल होने आया था। बताते हैं कि रात में डांस न करने पर उसने पत्नी की पिटाई कर दी थी और ससुराल से भाग गया था।


बताते हैं कि तिलक समारोह में शामिल होने ससुराल पहुंचे अनिल ने छक कर शराब पी। नशा चढ़ा तो रात में वह डीजे पर डांस करने लगा। पत्नी ने रोका तो लेकिन नहीं माना। इसके बाद पत्नी से साथ में डांस करने की जिद करने लगा। इस पर पत्नी ने मना कर दिया। इससे नाराज होकर उसने पत्नी की पिटाई कर दी। ससुरालवालों ने विरोध करने पर वह वह भाग गया। सोमवार सुबह ससुराल में ही गांव के बाहर बिजली के खम्भे से उसका शव फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची और जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।

जानकारी के अनुसार उघैती थाना क्षेत्र के बरवारे गांव निवासी अनिल की फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव सैंडोला में ससुराल है। उसके साले सोनू की रविवार को लगन आई थी। वह पत्नी व बच्चों को दो दिन पहले ससुराल छोड़ आया था। समारोह में तिलक समारोह मं शामिल होने के लिए वह रविवार की सुबह पहुंचा। चचिया ससुर सत्यपाल ने बताया कि दिन में दो बजे से अनिल ने शराब पीना शुरू किया। फिर शाम छह बजे उसने डीजे शुरू करा दिया। फिर अनिल रिश्तेदारों के साथ डांस करने लगा। तिलकहरू आए और कार्यक्रम समापन के बाद फिर से वह डीजे पर नाचने लगा। पत्नी प्रियंका उर्फ नन्ही ने रात में दो बजे अनिल से खाना खाने को कहा तो वह पत्नी से डांस करने के लिए कहने लगा। उसकी हालत देख पत्नी ने उसके साथ डांस करने से मना कर दिया। इससे नाराज अनिल ने प्रियंका की पिटाई कर दी। ससुराल के लोगों ने विरोध किया तो वह भाग निकला। इसके बाद ससुराल के लोग रिश्तेदारों को खाना खिलाने में लग गए। जब काफी देर तक अनिल दिखाई नहीं दिया तो उसकी तलाश होने लगी। लेकिन उसका पता नही चला। सुबह गांव के लोग खेतों की ओर जा रहे थे तो उन्होंने अनिल का शव फंदे से लटका देखा। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ससुराल के लोगों ने शव देखा तो होश उड़ गए।

