
बहन से तय नही हुई शादी तो भाभी ने देवर को कमरे में बुलाकर काट दिया प्राइवेट पार्ट
आगरा में हुई घटना, दीपावली मनाने घर आया था केमिकल इंजीनियर



दीपावली की पूजा के बाद देर रात भाभी ने देवर को कमरे में बुलाया और दिया वारदात को अंजाम
आगरा। देवर की शादी अपनी बहन से न करने और दूसरी जगह शादी तय होने से नाराज भाभी ने रात में देवर को अपने कमरे में बुलाया। इसके बाद देवर का प्राइवेट पार्ट काट दिया। हालत बिगड़ने पर देवर योगेश को इलाज के लिए आगरा ले जाया गया, स्थिति गंभीर देख डाक्टरों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची और वह मामले की जांच कर रही है। यह घटना सोमवार की देर रात बरहन क्षेत्र के खेड़ी अडू गांव की है।



जानकारी के अनुसार योगेश हल्द्वानी स्थित एक सीमेंट में केमिकल असिस्टेंट इंजीनियर है। वह योगेश दीपावली मनाने रविवार को घर आया था। महिला का पति परिवार के साथ आगरा में रहकर मजदूरी करता है। रविवार को भाभी भी दीपावली मनाने बच्चों के साथ गांव आई थी। योगेश ने सोमवार को परिवार के साथ दीपावली की पूजा की और बाद में बाहर सो गया। योगेश की भाभी अर्चना अपने तीन बच्चों के साथ कमरे में सो रही थी। बताते हैं कि रात करीब दो बजे अर्चना ने योगेश को कमरे में बुलाया और इसी दौरान उसका प्राइवेट पार्ट काट डाला।

इसके बाद लहूलुहान योगेश कमरे से चीखते-चिल्लाते हुए भागा। शोर सुनकर परिवार के लोग जाग गये। उसकी हालत देख परिजनों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस योगेश को आगरा स्थित अस्पताल ले गई। यहां उसे उसे दिल्ली एम्स के लिए रेफर कर दिया गया। उधर, घटना जानकारी के बाद अर्चना का पति भी सुबह गांव पहुंच गया और उसे लेकर जिला एटा स्थित उसके मायके ले गया। बताया जाता है कि भाभी की छोटी बहन से योगेश की खूब बातचीत होती थी। इसलिए भाभी अपनी बहन की शादी योगेश से कराना चाहती थी। लेकिन योगेश का रिश्ता मैनपुरी से तय हो गया और नम्बर में होना था। भाभी नहीं चाहती थी कि योगेश कहीं और शादी करे। इसी से नाराज होकर उसने घटना को अंजाम दिया।


