"अच्छा किया CEC का वाराणसी दौरा रद्द हो गया, नहीं तो Gen-Z जवाब-तलब कर लेती
सपा प्रमुख ने लगाया वोट काटने का आरोप; बोले— "2019 में वोट देने वालों को 2022 में रोका गया, 2027 में हर सीट पर 27 हजार वोट बढ़ाकर हराएंगे भाजपा को।"
लखनऊ/वाराणसी (भदैनी मिरर): समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को पार्टी मुख्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) और राज्य की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला।
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के वाराणसी और मेरठ के प्रस्तावित दौरे और युवाओं (Gen-Z) से संवाद कार्यक्रम के स्थगित होने पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा:

"अच्छा हुआ कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने वाराणसी में जेन जी (Gen-Z) से मिलने का अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया, वरना आज के जागरूक युवा उनसे चुनाव आयोग की गिरती विश्वसनीयता पर सीधे सवाल-जवाब कर लेते।"
"2019 के मतदाताओं के 2022 में काटे गए नाम, चुनाव आयोग बचाए क्रेडिबिलिटी"
अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि 2019 के लोकसभा चुनाव में जिन लोगों ने मतदान किया था, 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उनके नाम मतदाता सूची से कटवा दिए गए।
-
2027 का प्लान: सपा प्रमुख ने कहा, "आयोग शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। 2024 में हमारी सतर्कता के कारण हमने राज्य में सबसे अधिक सांसद जिताए। अब 2027 के चुनाव के लिए हम हर विधानसभा क्षेत्र में 27,000 नए वोट बनवाएंगे और भाजपा को शिकस्त देंगे।"
-
फॉर्म-7 का फर्जीवाड़ा: अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव में फर्जी फॉर्म-7 भरकर विपक्ष समर्थक मतदाताओं के नाम कटवाने का घोटाला किया।
"जहां चलनी थी मेट्रो, वहां चल रही नाव" — मुख्यमंत्री योगी पर साधा निशाना
सपा अध्यक्ष ने प्रदेश के विकास मॉडल को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी प्रहार किया:

-
गोरखपुर मॉडल पर तंज: उन्होंने कहा कि सरकार को सैफई के विकास मॉडल से प्रेरणा लेनी चाहिए थी। गोरखपुर में जहां मेट्रो रेल चलनी चाहिए थी, वहां आज बारिश के पानी में नावें चल रही हैं।
-
गोद लिए गांव अनाथ: भाजपा सांसदों और विधायकों द्वारा गोद लिए गए गांवों की हालत दयनीय है। सरकार ने गोद लेने के बाद उन गांवों को अनाथ छोड़ दिया है।
प्रयागराज में विकास के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी जलभराव की स्थिति और नोएडा में फर्जी मतदाता बनाने के दावों को लेकर सपा प्रमुख ने निष्पक्ष जांच की मांग की।
