महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने जब जड़ दिये पुरूष कांस्टेबल को थप्पड़, वीडियो वायरल
कहा-पुरूष कांस्टेबल को महिला को पकड़ने का अधिकार किसने दिया, मोदी सरकार पर उठाये सवाल
कांग्रेस नेता सोनिया और राहुल गांधी के खिलाफ ईडी की कार्रवाई के विरोध में सड़कों पर उतरे थे कांग्रेसी
गाजीपुर। कांग्रेस महिला जिला अध्यक्ष महबूब निशा ने गुरूवार को कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान एक पुरुष पुलिस कांस्टेबल पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसे एक थप्पड़ जड़ दिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि भदैनी मिरर नही करता। इस वायरल वीडियो में कांग्रेस नेत्री आरोप लगा रही हैं कि प्रदर्शन के दौरान धक्का-मुक्की के दौरान पुरुष कांस्टेबल ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और उनका कपड़ा भी खींचा गया।




बता दें कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में भाजपा कार्यालय घेराव का कार्यक्रम तय किया गया था। वाराणसी में भी भजपा के गुलाब बाग स्थित कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन का कार्यक्रम था। लेकिन इससे पहले कांग्रेस नेताओं को नजरबंद कर उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया गया। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी को मोदी सरकार के इशारे पर ईडी की कार्रवाई के विरोध में यह कार्यक्रम आयोजित किये गये थे। इसी कार्यक्रम के तहत गुरूवार को जिलाध्यक्ष सुनील राम और शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता बैनर लेकर छावनी लाइन स्थित भाजपा कार्यालय की ओर शांतिपूर्ण तरीके से बढ़े।

इस दौरान शहर कोतवाली क्षेत्र में पहले से तैनात भारी पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को रोक लिया। इस बीच कार्यकर्ताओं और पुलिस में धक्का-मुक्की हुई और कई कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया। प्रदर्शन में शामिल महबूब निशा के साथ पुरुष आरक्षी द्वारा दुर्व्यहार किया गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इससे नाराज महबूब निशा ने पुलिसकर्मी को थप्पड़ जड़ दिया। इस बाबत कांग्रेस की महिला विंग की जिलाध्यक्ष महबूब निशा ने कहा कि महिलाओं के प्रदर्शन के दौरान महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती अनिवार्य होती है, लेकिन उस समय पुरुष कांस्टेबल द्वारा उन्हें रोका गया। उनका कहना है कि घटना के बाद ही महिला कांस्टेबल मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि धक्का-मुक्की में उन्हें चोट भी आई और चूड़ियां टूट गईं। महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने इस घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि महिलाओं की गरिमा से जुड़े ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। जबकि कोतवाल महेंद्र सिंह का कहना है कि ऐसा कुछ नहीं है। कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में मौके पर महिला पुलिस कर्मी भी मौजूद रही और किसी के साथ किसी पुलिस कर्मी ने दुर्व्यवहार नहीं किया। लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता इस बात को लेकर मोदी सरकार की महिला विरोधी नीति पर सवाल उठा रहे हैं। वह इस सरकार को लोकतंत्र की हत्यारी सरकार बता रहे हैं।

