
UP Weather Update : भीषण गर्मी और तपती धूप ने लोगों को किया बेहाल, वाराणसी समेत 20 जिलों में हीटवेव का अलर्ट, कल से मिल सकती है थोड़ी राहत




उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। प्रदेश के 30 जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। हालांकि राहत की उम्मीद जल्द ही नजर आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 26 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिससे मौसम में बदलाव की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने जानकारी दी कि 27 से 30 अप्रैल के बीच उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाएं चलने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इससे गर्मी में अस्थायी तौर पर कमी आएगी और लोगों को लू व तपिश से थोड़ी राहत मिल सकती है।


इन जिलों में लू की चेतावनी
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, वाराणसी, फतेहपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर जिलों में गर्म हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। यहां लू चलने की आशंका है, जिससे सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

लखनऊ में भीषण गर्मी का कहर:
राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को गर्म हवा और चुभती धूप ने जनजीवन को प्रभावित किया। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा, जो इस मौसम का अब तक का सबसे अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शनिवार को भी मौसम लगभग इसी तरह बना रहने की संभावना है।
रविवार से मिल सकती है राहत:
वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, रविवार से लखनऊ में पुरवाई हवा चलने और बादलों की आवा-जाही की संभावना है। वहीं सोमवार को गरज-चमक के साथ हल्की फुहारें पड़ सकती हैं। इससे तापमान में 4 से 6 डिग्री की गिरावट आ सकती है और कुछ दिनों के लिए गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

