
UP Weather Update : यूपी में गर्मी का सितम, 37 जिलों में हीटवेव का अलर्ट, पारा 45 डिग्री तक जाने के आसार




UP Weather Update : उत्तर प्रदेश में जैसे-जैसे दिन चढ़ता जा रहा है, वैसे-वैसे तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बुधवार को प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, सुल्तानपुर, अमेठी, झांसी और आगरा जैसे जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। रातें भी अब गर्म होती जा रही हैं, जिससे राहत की कोई उम्मीद नहीं दिख रही।
37 जिलों में लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 37 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। अनुमान है कि हीटवेव का असर न केवल बढ़ेगा, बल्कि इसका दायरा भी अगले तीन दिनों में और फैल सकता है। बुधवार को पछुआ हवाएं 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं, जिससे रात के तापमान में थोड़ी राहत मिली। हालांकि, दिन में गर्म हवाओं की वजह से लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया।

अगले तीन दिन और बढ़ेगी गर्मी
लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश के पूर्वी, दक्षिणी और बुंदेलखंड के इलाकों में गुरुवार से हीटवेव की स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है। अगले कुछ दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़त का अनुमान है। झांसी समेत कुछ जिलों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।


किन-किन जिलों में लू की चेतावनी?
इन जिलों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है: बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर।

लखनऊ में थोड़ी राहत, लेकिन बढ़ेगी गर्मी
राजधानी लखनऊ में बुधवार को गर्म हवाओं के बीच हल्की राहत देखने को मिली। पछुआ हवाओं की रफ्तार कम होने से अधिकतम तापमान में मामूली 0.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, वहीं रात का तापमान 2.4 डिग्री तक गिरा। हालांकि, मौसम विभाग ने गुरुवार से तापमान में फिर से इजाफा होने की संभावना जताई है।
बुधवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान: 41.2°C
न्यूनतम तापमान: 23°C

