
UP Weather Update: कल से चढ़ेगा पार, गर्मी फिर से दिखाएगी तेवर, आज कई जिलों में बारिश के आसार




UP Weather Update : उत्तर प्रदेश के मौसम में बीते दो दिनों में जबरदस्त बदलाव देखने को मिला है। लखनऊ समेत कई जिलों में तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया है, लेकिन मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी। 6 जून 2025 के बाद प्रदेश में तापमान में तेजी से वृद्धि हो सकती है और गर्मी दोबारा अपने तेवर दिखाएगी।


आज का मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग के मुताबिक, 5 जून को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है। हालांकि, इस दौरान किसी भी प्रकार की तेज बिजली गिरने या गंभीर मौसम की चेतावनी नहीं दी गई है।
तापमान में तेजी से होगा इजाफा
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का अनुमान है कि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। इससे न सिर्फ गर्मी महसूस होगी बल्कि वातावरण में उमस भी बढ़ेगी।


बदले मौसम के पीछे का कारण
वर्तमान में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर मध्य क्षोभमंडल में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के निचले क्षोभमंडल में एक द्रोणिका बनी हुई है। इसी कारण पूर्वांचल और मध्य यूपी में तेज हवाओं (50-60 किमी/घंटा) के साथ बारिश दर्ज की गई। हालांकि, यह मौसमी प्रणाली अगले 1-2 दिनों में कमजोर पड़ने लगेगी और पूर्व की ओर खिसक जाएगी।

6 जून से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां थम जाएंगी और तापमान में 3-5 डिग्री तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
मॉनसून की रफ्तार अभी धीमी
आईएमडी के पुणे केंद्र से मौसम वैज्ञानिक एस.डी. सनप ने बताया है कि मॉनसून की गति फिलहाल धीमी है। आने वाले कुछ दिनों में वर्षा की तीव्रता कम रहेगी, लेकिन 11 से 12 जून के बीच इसमें तेजी आने की उम्मीद है। इसके बाद मॉनसून उत्तर भारत की ओर रफ्तार पकड़ सकता है।
बंगाल की खाड़ी से मिल सकती है मॉनसून को ताकत
एक वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ के अनुसार, 11 जून के आसपास बंगाल की खाड़ी में एक नया मौसमी सिस्टम विकसित हो सकता है, जो न सिर्फ मॉनसून को मजबूती देगा, बल्कि इसके उत्तर भारत की ओर तेजी से बढ़ने का मार्ग भी प्रशस्त करेगा।

