
UP Weather Update : यूपी में गर्मी दिखा रही तेवर, 26 जिलों में पार हुआ 40 डिग्री का पारा, हीटवेव का अलर्ट जारी




UP Weather Update : उत्तर प्रदेश में गर्मी ने अब कहर ढाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के पूरब से लेकर पश्चिमी हिस्सों तक तपती धूप और सूखी गर्म हवाओं ने लोगों की दिनचर्या अस्त-व्यस्त कर दी है। गुरुवार को हालात और बिगड़ गए जब प्रदेश के 26 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया। कानपुर में पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे यह प्रदेश का सबसे गर्म शहर बन गया।

इस बढ़ती गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में लू चलने की चेतावनी के साथ येलो अलर्ट जारी किया है।
गुरुवार को पछुआ हवाएं कुछ धीमी पड़ीं, लेकिन इन सूखी हवाओं ने वातावरण की नमी को पूरी तरह सोख लिया, जिससे धूप और अधिक चुभने लगी और गर्मी ने अपना असर और तेज कर दिया।


हीटवेव का प्रकोप इन जिलों में सबसे अधिक
लखनऊ के आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले दो दिनों तक पूर्वी उत्तर प्रदेश, दक्षिणी जिलों और बुंदेलखंड क्षेत्र में हीटवेव की स्थिति बन सकती है। हालांकि, 26 अप्रैल के बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे मौसम में थोड़ी राहत मिल सकती है।

हीटवेव की संभावना वाले जिले इस प्रकार हैं:
बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, फरुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अम्बेडकरनगर, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और इनके आसपास के इलाके।
राजधानी में बना सीजन का सबसे गर्म दिन
गुरुवार को लखनऊ में गर्मी ने इस सीजन का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यहां दिन का अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। चिलचिलाती धूप और लू जैसे हालातों के बीच लोगों ने खुद को बचाने के लिए सिर पर अंगोछा, दुपट्टा या टोपी का सहारा लिया। हालांकि पछुआ हवाओं के चलते रात का तापमान कुछ हद तक नियंत्रित रहा।
वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक पहुंच सकता है। अगले दो-तीन दिनों तक दिन का तापमान लगातार चढ़ सकता है, जबकि रात के तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है।
गुरुवार को अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री की बढ़त दर्ज हुई, वहीं न्यूनतम तापमान 1 डिग्री की गिरावट के साथ 22 डिग्री सेल्सियस रहा।

