UP STF: बलिया का 50 हजार का इनामी गैंगस्टर मुन्ना गोड़ गुजरात के सूरत से गिरफ्तार
UP STF की विशेष टीम ने पंडेसरा थाना क्षेत्र में की छापेमारी; जेल से छूटने के बाद दिल्ली और गुजरात में ठिकाने बदलकर छिपा था शातिर अपराधी।
लखनऊ / बलिया / सूरत (भदैनी मिरर): उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) ने अपनी सटीक अभिसूचना और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ की टीम ने बलिया जनपद के थाना नगरा से गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी मुन्ना गोड़ उर्फ चंद्रमल को गुजरात के सूरत से धर दबोचा है। इस कार्रवाई से अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है।


सूरत के पंडेसरा से दबोचा गया शातिर अपराधी
एसटीएफ मुख्यालय की टीम को लंबे समय से इस इनामी बदमाश की तलाश थी। पुलिस उपाधीक्षक प्रमेश कुमार शुक्ल के कुशल पर्यवेक्षण और उप निरीक्षक चंद्रप्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में गठित एसटीएफ टीम ने तकनीकी और गोपनीय इनपुट के आधार पर 11 नवंबर को गुजरात के सूरत शहर के पंडेसरा थाना क्षेत्र स्थित अशापुरी-2, लक्ष्मी नगर इलाके में घेराबंदी की। पुलिस ने मुन्ना गोड़ को वहीं से धर दबोचा। दूसरे राज्य में छिपे शातिर अपराधी को ट्रैक कर इस तरह दबोचना एसटीएफ की पेशेवर दक्षता को साबित करता है।
पूछताछ में हुए कई खुलासे
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ के दौरान आरोपी मुन्ना गोड़ ने एसटीएफ के सामने कई अहम खुलासे किए हैं। उसने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर बलिया और आसपास के इलाकों में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया करता था। पूर्व में जेल जाने के बाद जब वह जमानत पर छूटा, तो गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा। वह पुलिस और कानून की नजरों से बचने के लिए पहले दिल्ली और फिर गुजरात में छिपकर रह रहा था।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी मुन्ना गोड़ पर बलिया जिले के विभिन्न थानों में चोरी और गैंगस्टर एक्ट के तहत कुल 5 मुकदमे दर्ज हैं।
ट्रांजिट रिमांड पर बलिया रवाना
एसटीएफ ने गुजरात के सूरत स्थानीय न्यायालय से आरोपी का ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर लिया है। रिमांड मिलने के बाद अभियुक्त को अग्रिम विधिक और वैधानिक कार्रवाई के लिए बलिया पुलिस को सौंप दिया गया है, जहां उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
