UP School Summer Vacation: यूपी में अब हर साल 24 जून तक रहेंगी गर्मियों की छुट्टियां, शासन का आधिकारिक आदेश जारी
अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने जारी किया शासनादेश; 22 जून से स्कूल पहुंचेंगे शिक्षक, 21 को मनेगा योग दिवस
लखनऊ (भदैनी मिरर): उत्तर प्रदेश के बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। राज्य सरकार ने हर साल जून के महीने में पड़ने वाली भीषण गर्मी और हीट वेव (लू) को देखते हुए गर्मियों की छुट्टियों (Summer Vacation) के कैलेंडर में स्थाई बदलाव कर दिया है। उत्तर प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा की ओर से मंगलवार, 16 जून 2026 को इसका आधिकारिक शासनादेश (सं०: 405/ए०सी०एस०) जारी कर दिया गया है।


नए आदेश के मुताबिक, अब प्रदेश के सभी परिषद और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में गर्मियों की छुट्टियां 20 मई से 24 जून तक रहेंगी और 25 जून से नियमित पठन-पाठन शुरू होगा।
क्यों लिया गया यह बड़ा फैसला?
शासनादेश में स्पष्ट किया गया है कि पारंपरिक रूप से बेसिक शिक्षा परिषद के एकेडमिक कैलेंडर में हर साल 20 मई से 15 जून तक ही ग्रीष्मकालीन अवकाश होता था। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में जून के महीने में पड़ने वाली भीषण गर्मी और हीट वेव के कारण स्थानीय स्तर पर जिलाधिकारियों को बच्चों की सुरक्षा के लिए छुट्टियां आगे बढ़ानी पड़ती थीं। इसी समस्या के स्थाई समाधान के लिए अब सम्यक विचार-विमर्श के बाद छुट्टियों को 24 जून तक बढ़ाने का नीतिगत निर्णय लिया गया है।

शिक्षकों और स्टाफ को 22 जून से संभालनी होगी कमान
शासनादेश के अनुसार, भले ही छात्रों के लिए स्कूल 25 जून से खुलेंगे, लेकिन शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को 3 दिन पहले ही स्कूल पहुंचना होगा:
-
सभी शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और कर्मचारी 21 जून तक ही छुट्टी पर रहेंगे।
-
22, 23 और 24 जून को सभी स्टाफ को अनिवार्य रूप से विद्यालय में उपस्थित रहना होगा।
3 दिन पहले स्कूल खुलने की वजह: शिक्षक इन तीन दिनों में बच्चों के आने से पहले स्कूल में आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करेंगे। इसमें लेसन प्लान बनाना, मिड-डे मील की व्यवस्था, नई पाठ्य पुस्तकों का प्रबंधन, विद्यालय शिक्षा समिति (SMC) की बैठक कर समुदाय का सहयोग लेना, बाल-वाटिका तैयार करना, परिसर, रसोई व शौचालय की साफ-सफाई, खेल सामग्री की उपलब्धता, स्मार्ट क्लास/आईसीटी लैब को क्रियाशील करना और बिजली-पानी की उपलब्धता जांचना शामिल है, ताकि 25 जून को बच्चे आते ही पढ़ाई शुरू कर सकें।
21 जून को खुलेगा ताला, मनेगा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
आदेश में यह भी निर्देशित किया गया है कि हर साल की तरह 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सभी विद्यालयों को खोला जाएगा। इस दिन स्कूलों में शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाएगा।

RTE एक्ट के तहत 220 दिन की पढ़ाई जरूरी
अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने अपने आदेश में सभी जिलाधिकारियों और मंडलायुक्तों को यह भी सचेत किया है कि स्थानीय स्तर पर कोई भी अतिरिक्त अवकाश घोषित करने से पहले शिक्षा का अधिकार (RTE) एक्ट के विधिक प्रावधानों का ध्यान रखा जाए। इसके तहत प्रारंभिक स्तर के विद्यालयों में एक शैक्षिक सत्र के भीतर कम से कम 220 दिन का शिक्षा दिवस (पठन-पाठन) होना अनिवार्य है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
