UP: ऐन वक्त पर पुलिस ने रुकवाई शादी, 15 साल की निकली दुल्हन; बैरंग लौटी बारात
बड़ी बहन शादी से 5 दिन पहले प्रेमी संग हुई फरार, इज्जत बचाने के लिए परिवार करा रहा था नाबालिग छोटी बहन का निकाह; दूल्हा-दुल्हन पुलिस कस्टडी में
कुशीनगर (भदैनी मिरर): उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ सामाजिक प्रतिष्ठा और लोक-लाज बचाने के चक्कर में एक परिवार अपनी ही 15 साल की नाबालिग बेटी का निकाह कराने जा रहा था। हालांकि, ऐन वक्त पर मिली गुप्त सूचना के बाद मौके पर पहुंची तमकुहीराज थाना पुलिस ने निकाह की रस्मों को बीच में ही रुकवा दिया। पुलिस की इस अचानक छापेमारी से शादी वाले घर में हड़कंप मच गया और बारात को बिना दुल्हन के ही बैरंग वापस लौटना पड़ा।


बड़ी बहन के फरार होने पर रची गई थी कहानी
मिली जानकारी के अनुसार, तमकुहीराज थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवती का निकाह तय हुआ था। बारात आने से ठीक 5 दिन पहले वह युवती अपने प्रेमी संग घर छोड़कर फरार हो गई। ऐन वक्त पर बेटी के भाग जाने से परिवार के सामने समाज में बदनामी का बड़ा संकट खड़ा हो गया। अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा को बचाने के लिए आनन-फानन में परिवार ने तय किया कि जिस लड़के से बड़ी बेटी की शादी होने वाली थी, उसी से उसकी 15 वर्षीय छोटी बहन का निकाह करा दिया जाए।

बिहार से आई थी बारात, शुरू होने वाली थीं रस्में
रविवार की रात बिहार के गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र के सेमरा टोला से गाजे-बाजे के साथ बारात लड़की के घर पहुंची। घरातियों ने बारातियों का स्वागत किया और निकाह की रस्में शुरू होने ही वाली थीं कि इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी कि जिस लड़की का निकाह कराया जा रहा है, वह नाबालिग है। सूचना मिलते ही तमकुहीराज पुलिस बल के साथ मौके पर धमक गई।

दस्तावेजों में खुली पोल, दूल्हा-दुल्हन पुलिस के संरक्षण में
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब लड़की के उम्र से संबंधित दस्तावेजों की जांच की, तो अधिकारियों के होश उड़ गए। दुल्हन के जोड़े में बैठी लड़की की उम्र महज 15 साल थी। बाल विवाह अधिनियम के उल्लंघन को देखते हुए पुलिस ने तुरंत निकाह रुकवा दिया और दूल्हे व नाबालिग दुल्हन को अपने संरक्षण में लेकर थाने आ गई। इस कार्रवाई के दौरान दूल्हे के परिवार और बारातियों को भी असलियत का पता चला कि जिस लड़की से शादी तय थी, वह पहले ही भाग चुकी है और उसकी जगह छोटी बहन को बैठाया गया था। इसके बाद बारात चुपचाप वापस लौट गई।
प्रेमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज, कोर्ट में होंगे बयान
इस मामले में फरार हुई बड़ी लड़की के पिता ने गांव के ही एक युवक के खिलाफ अपनी बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया है, जिस पर पुलिस अलग से तफ्तीश कर रही है।
क्या कहती है पुलिस? तमकुहीराज के थाना प्रभारी (एसएचओ) गिरिजेश उपाध्याय ने बताया कि नाबालिग लड़की की शादी कराने की कोशिश को लेकर पुलिस विधिक कार्रवाई कर रही है। दूल्हे और दुल्हन को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा, जहाँ उनके कानूनी बयान दर्ज कराने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
