Movie prime
PMC_Hospital

UP News: न्यूट्रास्यूटिकल्स और हेल्थ सप्लीमेंट्स के नाम पर भ्रामक दावे करने वालों पर कसेगा शिकंजा

डेटा-आधारित बीमारियों के नाम (जैसे- डायबिटीज या लिवर केयर) और भ्रामक चिकित्सकीय दावों वाले उत्पादों पर पूरी तरह प्रतिबंध।

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

Ad

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में हेल्थ सप्लीमेंट्स, प्रोटीन पाउडर और न्यूट्रास्यूटिकल उत्पादों के नाम पर बीमारी के इलाज या रोकथाम के झूठे और भ्रामक दावे करने वाली कंपनियों पर उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने बड़ा शिकंजा कस दिया है। उत्पादों की गुणवत्ता के साथ-साथ अब उनके नाम, पैकेजिंग, लेबलिंग, विज्ञापन और स्वास्थ्य संबंधी दावों की भी कड़ी निगरानी की जाएगी। एफएसडीए आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने एक विस्तृत आदेश जारी कर सभी संबंधित कारोबारियों को वैधानिक प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

Ad
Ad

नया आदेश उत्तर प्रदेश की इकाइयों के अलावा देश के अन्य राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के उन निर्माताओं तथा आयातकों पर भी समान रूप से लागू होगा, जिनके उत्पाद उत्तर प्रदेश के बाजारों में बिकते हैं। इसके दायरे में ब्रांड मालिक, कॉन्ट्रैक्ट निर्माता, री-लेबलर, री-पैकर, वितरक, थोक व फुटकर विक्रेता और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म भी आएंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ये उत्पाद खाद्य पदार्थों की श्रेणी में आते हैं, इसलिए इन्हें किसी भी स्थिति में दवा या बीमारी के उपचार के विकल्प के रूप में पेश नहीं किया जा सकता।

बीमारी आधारित नाम और चिकित्सकीय दावे प्रतिबंधित

एफएसडीए की समीक्षा में उत्पादों की निर्धारित खुराक (RDA) का उल्लंघन, अनधिकृत सामग्री, भ्रामक नाम और वैज्ञानिक प्रमाणों के अभाव जैसी खामियां सामने आई थीं। नए नियमों के मुताबिक:

  • कोई भी खाद्य उत्पाद किसी बीमारी के निदान, उपचार, रोकथाम या इलाज का दावा नहीं कर सकेगा।

  • 'डायबिटीज केयर', 'आर्थराइटिस केयर', 'किडनी केयर', 'लिवर डिटॉक्स', 'कार्डियो केयर', 'थायरॉयड केयर', 'ब्लड शुगर कंट्रोल' और 'डिजीज मैनेजमेंट' जैसे बीमारी आधारित नाम पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिए गए हैं।

हर पैक पर चेतावनियां और श्रेणी का उल्लेख अनिवार्य

प्रत्येक उत्पाद की पैकेजिंग पर उसकी निर्धारित श्रेणी (जैसे- हेल्थ सप्लीमेंट, न्यूट्रास्यूटिकल, विशेष आहार उपयोग के खाद्य पदार्थ आदि) का स्पष्ट उल्लेख करना होगा।

  • हर पैक के प्रमुख प्रदर्शन क्षेत्र पर स्पष्ट चेतावनियां देनी होंगी और मोटे अक्षरों में 'नॉट फॉर मेडिकल यूज' (Not for Medicinal Use) लिखना अनिवार्य होगा।

  • उत्पादों में सक्रिय पोषक तत्वों के नाम और भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) की RDA के सापेक्ष उनका प्रतिशत योगदान बताना होगा। बुनियादी हेल्थ सप्लीमेंट में किसी व्यक्तिगत पोषक तत्व की मात्रा 100% RDA से अधिक नहीं होगी।

वाडा (WADA) की प्रतिबंधित सूची पर रोक और हर्बल मानक

खिलाड़ियों के लिए तैयार विशेष आहार उत्पादों में विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (WADA) की प्रतिबंधित सूची में शामिल पदार्थों का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा, हेल्थ सप्लीमेंट, प्रोबायोटिक और प्रीबायोटिक उत्पादों में दवाओं, हार्मोन, स्टेरॉयड, नारकोटिक और साइकोट्रॉपिक पदार्थों का प्रयोग नहीं किया जा सकेगा। हर्बल उत्पादों में केवल नियमन की अनुसूची-4 में अनुमत वनस्पतियों और उनके हिस्सों का ही उपयोग किया जा सकेगा।

निर्माता से लेकर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तक तय होगी जवाबदेही

एफएसडीए के इस आदेश के तहत आपूर्ति शृंखला से जुड़े हर व्यक्ति की जवाबदेही तय की गई है:

  • निर्माता: फॉर्मूलेशन, बैच मैन्युफैक्चरिंग रिकॉर्ड (BMR), गुणवत्ता परीक्षण और शेल्फ लाइफ के रिकॉर्ड सुरक्षित रखेंगे।

  • री-पैकर/री-लेबलर: उत्पादों की संरचना या उपयोग में मनमाना बदलाव नहीं कर सकेंगे।

  • ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म: पैकेजिंग पर दर्ज दावों के अनुरूप ही विज्ञापन सुनिश्चित करने होंगे और गैर-अनुपालक (नियमों का उल्लंघन करने वाले) उत्पादों को अपनी वेबसाइट से तुरंत हटाना होगा।

एफएसडीए आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने चेतावनी दी है कि उपभोक्ता सुरक्षा और जनस्वास्थ्य सर्वोपरि है। कोई भी कारोबारी आपूर्ति शृंखला की दूसरी इकाई पर जिम्मेदारी डालकर अपने वैधानिक दायित्व से बच नहीं सकता; सभी को निर्देशों का सख्ती से पालन करना होगा।