UP Home Guard Exam: यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा के पहले दिन 25% ने छोड़ी परीक्षा, मुन्नाभाइयों पर चला डंडा; 3 शिक्षक समेत 4 गिरफ्तार
74 जिलों में कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई परीक्षा; एटा में फर्जी एडमिट कार्ड के साथ अभ्यर्थी और कानपुर में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस छिपाने वाले सहायक अध्यापक धरे गए।
लखनऊ/भदैनी मिरर: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा शनिवार से प्रदेश के 74 जिलों में शुरू हो गई। पहले दिन परीक्षा को पूरी तरह नकल विहीन संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। हालांकि, पहले ही दिन कड़ी चेकिंग और सख्ती के कारण लगभग 25 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इस बीच एटा और कानपुर से गड़बड़ी करने की कोशिश करने वाले चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।


एटा में बायोमेट्रिक ने पकड़ा 'फर्जीवाड़ा'
एटा के डीएवी इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी जांच ने एक बड़े फर्जीवाड़े को नाकाम कर दिया। हाथरस निवासी अभ्यर्थी तेजवीर सिंह के प्रवेश पत्र में अनुक्रमांक और समय के विवरण में विसंगति पाई गई। जब बायोमेट्रिक जांच की गई, तो डाटा मैच नहीं हुआ। जांच में पता चला कि प्रवेश पत्र कूटरचित (जाली) था। पुलिस ने तेजवीर को गिरफ्तार कर लिया है और जाली प्रवेश पत्र बनाने वाले लोकवाणी केंद्र संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

कानपुर में सहायक अध्यापकों की 'सेंधमारी' नाकाम
कानपुर नगर के बीएनएसडी इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर बड़ी साजिश का पर्दाफाश हुआ। यहाँ एनसीसी कक्ष में अनुचित प्रयोग के लिए प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस छिपाकर रखी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन सहायक अध्यापकों—अखिलेश यादव, संदीप चन्द्र विश्वकर्मा और निर्मल कुमार को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ कर्नलगंज थाने में उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

आंकड़ों में पहले दिन की परीक्षा
-
कुल पंजीकृत अभ्यर्थी: 8,44,066
-
उपस्थित अभ्यर्थी: 6,35,856 (75.33%)
-
अनुपस्थित अभ्यर्थी: 2,08,210 (लगभग 25%)
-
परीक्षा केंद्र: 1053 (74 जिलों में)
सीसीटीवी और जैमर से अभेद्य सुरक्षा
परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने के लिए भर्ती बोर्ड ने आधुनिक तकनीक का सहारा लिया है। जिलाधिकारी और पुलिस अधिकारियों ने कंट्रोल रूम से केंद्रों की लाइव फीड की मॉनिटरिंग की। केंद्रों पर मोबाइल जैमर लगाए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक संचार को रोका जा सके। सेक्टर मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट की टीम लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर रही है।
अगले दो दिन भी जारी रहेगी परीक्षा
भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि रविवार (26 अप्रैल) और सोमवार (27 अप्रैल) को भी दो-दो पालियों में होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के भ्रामक संदेशों या सॉल्वर गैंग के झांसे में न आएं और अपनी तैयारी के साथ निष्पक्ष रूप से परीक्षा में शामिल हों।
