यूपी सरकार ने जारी किया साल 2027 का अवकाश कैलेंडर; होली पर लगातार 4 और दिवाली पर 3 दिन की छुट्टी
इन 3 बड़े पर्वों पर भी घोषित हुआ सार्वजनिक अवकाश; कैलेंडर में कुल 26 सार्वजनिक और 27 निर्बंधित अवकाश शामिल
लखनऊ (भदैनी मिरर ब्यूरो): उत्तर प्रदेश सरकार ने वर्ष 2027 में पड़ने वाली सरकारी छुट्टियों का आधिकारिक कैलेंडर जारी कर दिया है। आगामी वर्ष में राज्य के सरकारी कर्मचारियों को कुल 26 सार्वजनिक अवकाश, 27 निर्बंधित अवकाश और दो छुट्टियां कार्यकारी आदेशों के अधीन मिलेंगी। खास बात यह है कि पांच दिवसीय कार्य सप्ताह (5-Day Week) वाले सरकारी दफ्तरों में इस बार होली पर लगातार 4 दिन और दीपावली पर एक साथ 3 दिन का अवकाश मिलेगा।

चुनावी साल में बड़ा फैसला: इन तीन पर्वों पर सार्वजनिक अवकाश
साल 2027 उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव का वर्ष है। इसे देखते हुए सरकार ने एक बड़ा निर्णय लेते हुए मकर संक्रांति, संत रविदास जयंती और महर्षि वाल्मीकि जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। पिछले कैलेंडर में ये तीनों ही पर्व निर्बंधित अवकाश (Restricted Holidays) की श्रेणी में शामिल थे। धार्मिक और सामाजिक आस्था से जुड़े इन पर्वों पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
होली पर 4 दिन और दीपावली पर 3 दिन का लंबा वीकेंड
-
होली (मार्च 2027): कैलेंडर के मुताबिक, होलिका दहन 22 मार्च (सोमवार) को होगा और रंगों की होली 23 मार्च (मंगलवार) को खेली जाएगी। ऐसे में जिन सरकारी दफ्तरों में शनिवार और रविवार को छुट्टी रहती है, वहां के कर्मचारियों को शनिवार से मंगलवार तक लगातार चार दिनों की छुट्टी का लाभ मिलेगा।
-
दीपावली (अक्तूबर 2027): वर्ष 2027 में दीपावली का पर्व 29 अक्तूबर (शुक्रवार) को मनाया जाएगा, जबकि गोवर्धन पूजा 30 अक्तूबर (शनिवार) को होगी। इसके अगले दिन रविवार होने के कारण कर्मचारियों को एक साथ तीन दिनों का अवकाश मिलेगा।
शनिवार और रविवार को पड़ने वाली छुट्टियों ने किया निराश
हालांकि, इस कैलेंडर में कुल 10 प्रमुख सार्वजनिक अवकाश शनिवार और रविवार को पड़ रहे हैं, जिससे सरकारी कर्मचारियों में थोड़ी निराशा भी है। यदि ये छुट्टियां सप्ताह के अन्य दिनों में होतीं, तो कर्मचारियों को अतिरिक्त अवकाश मिल सकते थे।
-
शनिवार को पड़ने वाले अवकाश (6): संत रविदास जयंती (20 फरवरी), महाशिवरात्रि (6 मार्च), महात्मा गांधी जयंती (2 अक्तूबर), विजयदशमी (9 अक्तूबर), गोवर्धन पूजा (30 अक्तूबर) और क्रिसमस डे (25 दिसंबर)।
-
रविवार को पड़ने वाले अवकाश (4): स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त), भैयादूज (31 अक्तूबर), गुरु नानक जयंती (14 नवंबर) और हजरत अली का जन्म दिवस (12 दिसंबर)।
स्थानीय अवकाशों को लेकर स्पष्ट निर्देश
कैलेंडर जारी करते हुए शासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिन विभागाध्यक्ष कार्यालयों और अन्य विभागों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू है, वहां कार्यकारी आदेशों के तहत घोषित अवकाश तथा जिलाधिकारियों (DM) द्वारा घोषित किए जाने वाले स्थानीय अवकाश लागू नहीं होंगे।
