UP Elections 2027: अजगरा विधानसभा से संभावित प्रत्याशी अनुराग चौधरी का बड़ा बयान, कहा- 'विरोधी बैनर फाड़ सकते हैं
वाराणसी की अजगरा सीट पर 2027 की सियासी सरगर्मी तेज: युवाओं को मौका देने की मांग, पोस्टरों से छेड़छाड़ पर अनुराग चौधरी का विरोधियों पर तीखा हमला
वाराणसी / भदैनी मिरर: वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर वाराणसी की अजगरा (सुरक्षित) विधानसभा सीट पर अभी से ही राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। क्षेत्र के संभावित प्रत्याशी और युवा नेता अनुराग चौधरी ने अपने डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान और आगामी प्राथमिकताओं को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि घर-घर संवाद के दौरान उन्हें क्षेत्र की जनता का अभूतपूर्व समर्थन और बुजुर्गों का आशीर्वाद मिल रहा है।

'टिकट वितरण में युवाओं को मिले प्राथमिकता'
जनसंपर्क के दौरान अनुराग चौधरी ने युवाओं और स्थानीय विकास के मुद्दों को प्रमुखता से रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि अजगरा विधानसभा क्षेत्र के युवा इस बार टिकट बंटवारे में बदलाव चाहते हैं और नई सोच वाले युवाओं को आगे आने का मौका मिलना चाहिए।
अनुराग चौधरी ने वादा किया कि जनता का आशीर्वाद मिलने और विधानसभा पहुंचने पर वे क्षेत्र के युवाओं के रोजगार, बेहतर शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं की समस्याओं को सदन के पटल पर प्रमुखता से उठाएंगे।
बैनर-पोस्टर फाड़े जाने पर विरोधियों को चुनौती
क्षेत्र में अपने प्रचार बैनर और पोस्टर फाड़े जाने के विवाद पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने विरोधियों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि बढ़ती लोकप्रियता और जनता के जुड़ाव से घबराकर असामाजिक तत्व ऐसी हरकतें कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लगाए गए 1000 से अधिक बैनरों में से अधिकांश को नष्ट कर दिया गया है, यहाँ तक कि पेट्रोल पंपों के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी वाले पोस्टरों को भी निशाना बनाया गया है। विरोधियों पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा— "विरोधी पोस्टर और बैनर तो फाड़ सकते हैं, लेकिन अजगरा की जनता के दिल में मेरे प्रति जो प्यार और विश्वास है, उसे कभी नहीं छीन सकते।"
क्षेत्र के चौमुखी विकास का संकल्प
स्वयं को जमीनी स्तर का कार्यकर्ता बताते हुए अनुराग चौधरी ने कहा कि उन्हें अपनी पार्टी के नेतृत्व और अजगरा की देवतुल्य जनता पर पूरा भरोसा है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के अपार समर्थन के बल पर वे 2027 में जीत दर्ज कर अजगरा विधानसभा क्षेत्र का चौमुखी विकास सुनिश्चित करेंगे।
