UP Budget Session 2026: सीएम योगी बोले- विधान मंडल बातचीत से चलता है, कार्यवाही रोकने से नहीं
आज सदन में पेश होगा इकोनॉमिक सर्वे, राज्यपाल के अभिभाषण से शुरू हुआ बजट सत्र
सपा-कांग्रेस का प्रदर्शन, बुधवार को पेश होगा यूपी बजट 2026-27
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानमंडल का बजट सत्र सोमवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ। सत्र से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया से बातचीत में कहा कि विधानमंडल लोकतंत्र का एक अहम स्तंभ है और यह संवाद व चर्चा से चलता है, न कि कार्यवाही में बाधा डालकर।


सीएम योगी ने कहा कि अगर कोई सदस्य किसी मुद्दे को उठाना चाहता है तो सदन की कार्यवाही रोकना, दरअसल उन्हीं मुद्दों को कमजोर करने जैसा है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से सदन की गरिमा बनाए रखने की अपील की।
आज पेश होगा यूपी का इकोनॉमिक सर्वे
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्यपाल के अभिभाषण के बाद उत्तर प्रदेश का इकोनॉमिक सर्वे सदन में पेश किया जाएगा। उन्होंने इसे ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि यह पहली बार है जब कोई राज्य सरकार अपनी आर्थिक उपलब्धियों को इस तरह सार्वजनिक रूप से प्रस्तुत कर रही है।

सीएम योगी ने कहा, “हम यह दिखाना चाहते हैं कि कैसे उत्तर प्रदेश को पिछड़ेपन से निकालकर भारतीय अर्थव्यवस्था में एक मजबूत हिस्सेदार बनाया गया है। यह रिपोर्ट बजट और राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान विधायकों के लिए एक महत्वपूर्ण दस्तावेज साबित होगी।”

विपक्ष का प्रदर्शन, सपा-कांग्रेस आमने-सामने सरकार के खिलाफ
बजट सत्र से पहले समाजवादी पार्टी के विधायकों और विधान परिषद सदस्यों ने विधानसभा परिसर में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के पास प्रदर्शन किया। एसआईआर और फार्म-7 जैसे मुद्दों को लेकर सपा विधायक जाहिद बेग तख्ती लेकर नारेबाजी करते नजर आए।
विधानसभा में हंगामे के दौरान कांग्रेस नेता विधानमंडल दल आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने भी सपा विधायकों का समर्थन किया। वहीं सपा एमएलसी आशुतोष सिन्हा साइकिल से विधानसभा पहुंचे और वाराणसी में मंदिर तोड़े जाने के मुद्दे को उठाने की बात कही।
बुधवार को पेश होगा यूपी बजट 2026-27
राज्यपाल के अभिभाषण के बाद आवश्यक विधायी कार्य निपटाए जाएंगे। मंगलवार को पूर्व व वर्तमान दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि देने के बाद सदन की कार्यवाही बुधवार तक स्थगित रहेगी। बुधवार को योगी सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेगी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
बजट सत्र को देखते हुए विधानभवन परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। विपक्ष की ओर से बेरोजगारी, महिला सुरक्षा, विदेश नीति, कोडीन कफ सिरप तस्करी और मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी है।
