बजता रहा राष्ट्रगान और मंच से चले गए यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, वीडियो वायरल
शिक्षकों के मुद्दों और राम मंदिर पर बोले महाना
उन्नाव (भदैनी मिरर)। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उस समय अचानक अजीब स्थिति उत्पन्न हो गई, जब उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना राष्ट्रगान के बीच में ही मंच छोड़कर नीचे उतर गए। इस पूरी घटना का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, भदैनी मिरर इस वायरल वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।


क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को उन्नाव के पूरन नगर स्थित एक विद्यालय में प्रधानाचार्य परिषद का 46वां प्रांतीय अधिवेशन, शैक्षिक संगोष्ठी और सम्मान समारोह आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे।

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर प्रोटोकॉल के तहत पुलिस बल द्वारा उन्हें 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया गया। इसके तुरंत बाद ही राष्ट्रगान शुरू हुआ। लेकिन राष्ट्रगान पूरा होने से पहले ही सतीश महाना ने सलामी दी और अचानक अपने कान के पास कुछ ठीक करते हुए मंच से पीछे की तरफ उतर गए। उसी दौरान राष्ट्रगान बजने के बीच ही वहां मौजूद उनके कुछ समर्थक उनके पास आ पहुंचे और पैर छूने लगे। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष अपनी गाड़ी में बैठकर वहां से रवाना हो गए।


शिक्षकों के मुद्दों और राम मंदिर पर बोले महाना
कार्यक्रम के दौरान कानपुर के महराजपुर से विधायक सतीश महाना ने 'शिक्षा प्रभा' नामक पुस्तक का विमोचन भी किया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षण संस्थानों के मजबूत होने से ही देश का विकास संभव है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगामी मानसून सत्र में शिक्षकों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस संघर्ष में देश के करोड़ों लोग खड़े थे और मंदिर निर्माण में दिया गया योगदान भगवान के प्रति निष्ठा है।
सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं
राष्ट्रगान के बीच में ही विधानसभा अध्यक्ष के चले जाने का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, "यूपी विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना जी राष्ट्रगान के बीच ही चल पड़े। शायद उन्हें कहीं जल्दी पहुंचना होगा। बड़े लोग हैं, व्यस्त रहते हैं।" वहीं कई अन्य यूज़र्स भी इस घटना को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
