50-50 हजार के इनामिया दो गो तस्कर गिरफ्तार, गैंगस्टर में हो चुकी है कार्रवाई
बुलंदशहर और शामली के रहनेवाले हैं पद्मा और सज्जाद
पहले भी हो चुकी है दोनों की गिरफ्तारी, जमानत पर छूटने के बाद फिर कर रहे थे गोतस्करी
वाराणसी, भदैनी मिरर। भदोही जिले के औरई क्षेत्र से यूपी एसटीएफ की टीम ने 50-50 हजार के इनामिया दो अंतरराज्यीय गोतस्करों को गिरफ्तार कर लिया। इन तस्करों के नाम पद्मा और सज्जाद हैं। इनके खिलाफ चंदौली थाने में मुकदमा पंजीकृत था। इसके साथ ही इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है। पद्मा बुलंदशहर जिले के खुर्जा देहात थाना क्षेत्र के मीरपुर का और सज्जाद शामली जिले के कैराना थाना क्षेत्र के मोहम्मद दरबार क्षेत्र का निवासी है। एसटीएफ ने इन्हें मुखबिर की सूचना पर वाराणसी-प्रयागराज रोड पर औरई लाला नगर टोल प्लाजा के पास से गिरफ्तार किया।


एसटीएफ की टीम इनामिया अपराधियों की तलाश में जुटी थी। तभी उन्हें सूचना मिली कि चन्दौली थाने के 50-50 हजार रूपये के इनामिया पदमा और सज्जाद लाला नगर टोल प्लाजा के पास मौजूद है। इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। एसटीएफ ने बताया कि पदमा अपनी मौसी का लड़के सम्भल निवासी शमशाद के साथ मिलकर गौकशी का काम करता था। वर्ष 2017 में उसकी मौसी के लडके ने उसकी मुलाकात गौकशी करने वाले सम्भल निवासी शमशाद से करायी थी।

जबकि सज्जाद भी सम्भल निवासी शमशाद के लिए गौ-तस्करी करता था। वहीं सज्जाद और पदमा की मुलाकात हुई। फिर दोनों मिलकर अपने साथियों के साथ गौ-तस्करी करने लगे। यह दोनों वर्ष 2017 से ही गायें खरीदकर बिहार और यूपी समेत अनेक राज्यों में तस्करी करते हैं। इन दोनों को रोहनिया और चंदौली पुलिस पहले भी गिरफ्तार कर चुकी है। जमानत पर छूटने के बाद फिर से गोतस्करी में लिप्त थे।

