Movie prime
PMC_Hospital

गाजीपुर में दर्दनाक हादसा: भाई की शादी की खुशियां मातम में बदलीं; गंगा में डूबते बेटे को बचाने के लिए मां ने फेंकी साड़ी

Ghazipur News: भाई की शादी की खुशियां मातम में बदलीं; गंगा में डूबते बेटे को बचाने के लिए मां ने फेंकी साड़ी, आंखों के सामने समा गया युवक

Ad

 
uj
WhatsApp Group Join Now

Ad

गाजीपुर / भदैनी मिरर ब्यूरो: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां सुहवल थाना क्षेत्र के गरूआ मकसूदपुर गंगा घाट पर बड़े भाई की शादी के बाद कंकन छुड़ाने की रस्म के दौरान एक 18 वर्षीय युवक गंगा नदी में डूब गया। मां ने अपनी आंखों के सामने लाडले को डूबता देख उसे बचाने के लिए अपनी साड़ी भी फेंकी, लेकिन तेज धारा के आगे बेबस मां की यह कोशिश नाकाम रही और युवक महज तीन मिनट में गंगा में समा गया। इस हादसे के बाद शादी वाले घर की खुशियां पल भर में चीख-पुकार और मातम में बदल गईं।

Ad
Ad

कंकन छुड़ाने की पारंपरिक रस्म के दौरान हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, गरूआ मकसूदपुर गांव के रहने वाले जोगिंदर गौतम के बड़े बेटे की हाल ही में शादी हुई थी। बुधवार सुबह उनकी पत्नी गीता देवी अपने बड़े बेटे की शादी के बाद होने वाली पारंपरिक पूजा-पाठ और कंकन छुड़ाने की रस्म के लिए गांव की अन्य महिलाओं के साथ गंगा घाट पहुंची थीं। मां के साथ उनका पांचवें नंबर का छोटा बेटा परमेश्वर गुप्ता (18) भी गया था।

Ad

घाट पर जब महिलाएं पूजा-पाठ की रस्मों में व्यस्त थीं, तभी परमेश्वर गंगा नदी में स्नान करने के लिए उतर गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घाट से महज 5 से 7 फीट आगे बढ़ते ही अचानक उसका पैर गहरे गड्ढे में चला गया और वह तेज धारा में बहने लगा।

मां ने साड़ी फेंककर बचाने का किया प्रयास, पर छूटा हाथ

बेटे को पानी में तड़पता और डूबता देख मां गीता देवी और वहां मौजूद महिलाओं में चीख-पुकार मच गई। ममता की बेबसी का आलम यह था कि मां ने तुरंत अपनी साड़ी का पल्लू खोलकर नदी में परमेश्वर की तरफ फेंका ताकि वह उसे पकड़कर बाहर आ सके। परमेश्वर ने हाथ भी बढ़ाया, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वह साड़ी की छोर को पकड़ नहीं सका। देखते ही देखते वह गहरी नदी में विलीन हो गया।

Ad

नाविक और गोताखोर तलाश में जुटे, परिवार में कोहराम

घाट पर मचे शोर को सुनकर आसपास के ग्रामीण, स्थानीय नाविक और मछुआरे तुरंत नाव लेकर मौके पर पहुंचे और नदी में युवक की तलाश शुरू की। सूचना मिलते ही सुहवल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

थानाध्यक्ष कमलेश कुमार का बयान: "हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर सक्रिय हो गई है। स्थानीय गोताखोरों, नाविकों और एसडीआरएफ की मदद से गंगा नदी में व्यापक सर्च अभियान चलाया जा रहा है। देर शाम तक युवक का सुराग नहीं लग पाया था, खोजबीन लगातार जारी है।"

होनहार छात्र था परमेश्वर, सदमे में ग्रामीण

डूबने वाला युवक परमेश्वर गुप्ता इंटरमीडिएट (12वीं) का छात्र था। उसके पिता जोगिंदर गौतम गांव में ही मजदूरी कर परिवार चलाते हैं, जबकि उसके अन्य भाई चेन्नई में रहकर निजी नौकरी करते हैं। छह भाइयों में पांचवें नंबर के परमेश्वर की इस तरह अचानक हुई मौत से मां गीता देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी की बधाइयों वाले घर से अब सिर्फ रोने की आवाजें आ रही हैं, जिससे पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।