Movie prime
PMC_Hospital

गोरखपुर हादसे पर सपा और भाजपा में वार-पलटवार तेज, अखिलेश यादव ने लखीमपुर खीरी कांड का जिक्र कर BJP को घेरा

लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सपा अध्यक्ष ने पीड़ित परिवार के प्रति जताई संवेदना, बोले- कार्यक्रम समाप्त होने के बाद हुआ हादसा

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

भदैनी मिरर, वाराणसी। गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल बुलडोजर से 14 वर्षीय छात्र की मौत के मामले को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। रविवार को लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। साथ ही उन्होंने भाजपा नेताओं के काफिलों से हुई पूर्व की दुर्घटनाओं का जिक्र करते हुए सत्ताधारी दल पर पलटवार किया।

Ad

लखीमपुर खीरी कांड का जिक्र कर भाजपा को घेरा

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सपा प्रमुख ने भाजपा नेताओं के काफिलों से हुई दुर्घटनाओं का हवाला देते हुए खासतौर पर लखीमपुर खीरी के तिकुनिया कांड का उल्लेख किया। उन्होंने गोरखपुर की घटना की निंदा करते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पीड़ित बच्चे के परिवार को भड़का रहे हैं। अखिलेश यादव ने दावा किया कि आगामी चुनाव में गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में भाजपा का प्रदर्शन कमजोर रहेगा।

इससे पहले अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर घटना से जुड़ा एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया था कि यह हादसा कार्यक्रम समाप्त होने के बाद हुआ था और वीडियो में घटनास्थल पर कोई रैली या रोड शो दिखाई नहीं दे रहा है।

पीड़ित परिवार से मिले थे सीएम योगी

दूसरी ओर, घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने इस घटना पर सख्त रुख अपनाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए थे तथा कानून-व्यवस्था व जिम्मेदारी को लेकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा था। अब अखिलेश यादव के बयान के बाद दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज हो गया है।

2027 चुनाव के लिए बुनकरों को लेकर वादे और 'परफ्यूम सिटी' बनाम 'गोबर सिटी' तंज

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बुनकरों को बिजली, स्वास्थ्य और बाजार की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। भाजपा पर तंज कसते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी 'परफ्यूम सिटी' बनाना चाहती है, जबकि भाजपा 'गोबर सिटी' बनाना चाहती है। उन्होंने आगे कहा कि कमल मुरझा गया है, इसलिए भाजपा के नेता 'राधे-राधे' कहकर कमल खिलाने की बात कर रहे हैं।