Movie prime
PMC_Hospital

यूपी के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी : बारिश ने गिराया तापमान, बहराइच रहा सबसे ठंडा, जानें आगे कैसा रहेगा Weather

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी के चलते मैदानी क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ वेस्ट यूपी तक पहुंचते-पहुंचते कमजोर पड़ गया, जिसके कारण गुरुवार सुबह हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली। वहीं, यूपी के कई हिस्सों में ओले भी गिरे। गुरुवार देर रात मेरठ और बागपत समेत कई जिलों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। मौसम विभाग ने आगामी पांच दिनों के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन 24 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर और पश्चिमी भारत को प्रभावित कर सकता है, जिससे मौसम में बदलाव संभव है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 21 से 26 फरवरी के बीच प्रदेश का मौसम सामान्य रूप से साफ रहने की संभावना है।

Ad

बहराइच सबसे ठंडा शहर

तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच बहराइच में न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। इसके अलावा, गोरखपुर में 10.6℃, शाहजहांपुर में 10.8℃, नजीबाबाद और अयोध्या में 11℃ न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, वाराणसी में अधिकतम तापमान 32.5℃ तक पहुंच गया। लखनऊ में न्यूनतम तापमान 13.5℃ और अधिकतम 29.7℃ दर्ज किया गया। बरेली में अधिकतम तापमान 25.8℃, फुरसतगंज में 29.4℃ और प्रयागराज में 31.8℃ रहा।

Ad

तेज हवा के साथ बारिश और ओलावृष्टि

गुरुवार सुबह से ही प्रदेश के कई इलाकों में तेज हवाएं चल रही थीं। मौसम विभाग ने पहले ही अनुमान जताया था कि मौसम बिगड़ सकता है। रात करीब 9 बजे मौसम में अचानक बदलाव आया और मेरठ-बागपत सहित पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। बागपत के छपरौली कस्बे और आसपास के गांवों में लगभग 15 मिनट तक ओले गिरे, जिससे सड़कें सफेद बर्फ जैसी दिखने लगीं। बारिश और ओलों के कारण ठंडक में बढ़ोतरी हुई।

Ad

आज कैसा रहेगा मौसम?

आज प्रदेश का मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में हल्का कोहरा छा सकता है। अगले एक सप्ताह तक मौसम साफ बना रहेगा, हालांकि देर रात और सुबह के समय कुछ जगहों पर हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है।

इन इलाकों में हो सकती है बारिश

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले दो दिनों तक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बादल छाए रह सकते हैं और बारिश होने की संभावना है। गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद और बिजनौर में बारिश हो सकती है। वहीं, लखनऊ, प्रयागराज, झांसी, कानपुर, जौनपुर, गोरखपुर, वाराणसी और बरेली में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। हालांकि, दिन में धूप निकलने से ठंड का असर काफी हद तक कम हो जाएगा।

IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, शुक्रवार को सुबह या देर रात हल्का कोहरा छा सकता है। 22 से 24 फरवरी तक मौसम इसी तरह बना रहेगा और दिन के समय तेज धूप भी लोगों को प्रभावित कर सकती है। बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिसमें बिजली गरजने की आवाज भी सुनी गई।

आने वाले दिनों का मौसम पूर्वानुमान

22 से 24 फरवरी तक प्रदेश का मौसम शुष्क रहने की संभावना है, हालांकि हल्का कोहरा छाने की स्थिति बन सकती है। 25 और 26 फरवरी को भी मौसम साफ रहेगा, लेकिन कुछ इलाकों में सुबह और रात के समय कोहरा पड़ सकता है। इस हफ्ते प्रदेश में भारी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है, और न ही कड़ाके की सर्दी को लेकर कोई चेतावनी जारी की गई है। हालांकि, कोहरे का असर जारी रहेगा।