दिल्ली और लखनऊ सरकारों की मिलीभगत से मची हुई है खुलेआम लूट, प्रदेश की जनता परेशान-अखिलेश यादव
गैस किल्लत पर बोले-भाजपा के अच्छे दिनों का सिलिंडर खाली हो गया
भाजपा ने परिवारों को भुखमरी के कगार पर छोड़ दिया, हो रहा अवैध खनन और अवैध व्यापार
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर हमला किया और कहाकि सरकार गैस संकट से निपटने में नाकाम रही है। भाजपा के अच्छे दिनों का सिलिंडर खाली हो गया है। इसके साथ ही उन्होंने कालाबाजारी और पुरानी पासबुक के बहाने सिलिंडर न देने को अमानवीय बताया। कहा कि भाजपा ने परिवारों को भुखमरी के कगार पर छोड़ दिया है। साथ ही प्रदेश में बड़े पैमाने पर अवैध खनन और अन्य अवैध कारोबार का आरोप लगाया।


अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और संसाधनों की लूट चरम पर है। उन्होंने दिल्ली और लखनऊ की सरकारों की मिलीभगत का आरोप लगाया और कहाकि अवैध खनन को कोई नहीं देख पा रहा। प्रदेश के संसाधनों को भाजपा सरकार खुलेआम लूट रही है। अवैध खनन, दवाओं का अवैध व्यापार और वनों की कटाई धड़ल्ले से हा रही है। जनता महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है।

भाजपा की दोहरे इंजन वाली सरकार के इंजन फेल हो गए हैं। आम जनता को आवश्यक वस्तुओं की किल्लत का सामना कर रही है। गैस सिलिंडर के लिए लंबी लाइनें हैं। कालाबाजारी चरम पर है और भाजपा सरकार झूठे वादे कर रही है। ऐसा लगता है कि सरकार को आम आदमी की परेशानियों से कोई लेना-देना नही रह गया है। सब अपनी झोली भरने में लगे हुए हैं। जनता से खोखले दावे किये जा रहे हैं। जमीनी हकीकत इससे कोसों दूर है।

