'इन पर फिर से गर्मी चढ़ रही है, यूपी में गुंडागर्दी कतई नहीं चलेगी: सपा पर बरसे सीएम योगी
स्कूल से लौट रहे 14 साल के आर्यवर्धन सिंह की मौत के बाद पीड़ित परिवार से मिले मुख्यमंत्री; कहा-सड़कें चलने के लिए होती हैं अराजकता फैलाने के लिए नहीं
पॉलिटिकल डेस्क, गोरखपुर। गोरखपुर में समाजवादी पार्टी (सपा) के रोड शो के दौरान स्कूल से लौट रहे 14 वर्षीय छात्र आर्यवर्धन सिंह की दर्दनाक मौत के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। गुरुवार शाम गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की और इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए समाजवादी पार्टी पर तीखा प्रहार किया। सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए सीएम योगी ने कहा, "इन पर अब फिर से गर्मी चढ़ रही है, लेकिन उत्तर प्रदेश में गुंडागर्दी कतई नहीं चलेगी।"

'सड़कें चलने के लिए होती हैं, अराजकता फैलाने के लिए नहीं'
पीड़ित परिजनों से मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने इस घटना को बेहद हृदयविदारक और अक्षम्य बताया। उन्होंने कहा कि बुधवार को गोरखपुर में सपा के लोगों ने एक नाबालिग बच्चे को कुचलकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। सीएम योगी ने कहा कि जिस परिवार का बेटा गया है, वह एक प्रतिष्ठित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और क्रांतिकारी परिवार का सदस्य था।
सपा पर हमलावर होते हुए मुख्यमंत्री ने कहा:
-
"एक स्वाधीनता संग्राम सेनानी परिवार के साथ इस प्रकार की क्रूरता अक्षम्य है और यही सपा का इतिहास रहा है। सड़कें आम जनता के चलने के लिए होती हैं, अराजकता पैदा करने के लिए नहीं।"
-
सीएम ने आरोप लगाया कि हाईस्कूल में पढ़ने वाला 14 साल का मासूम जब स्कूल से घर लौट रहा था, तब जेसीबी से ठोकर लगने के बाद जबरदस्ती उसके ऊपर वाहन चढ़ाकर उसकी जान ले ली गई।
-
उन्होंने कहा कि पार्टी के मुखिया और उनके लोगों की इस हरकत को देखकर आज शर्म भी शर्मसार हो गई है। पहले सपा सरकार में माफियाओं ने प्रदेश को तबाह किया और आज फिर से इन पर गर्मी चढ़ रही है।
हर स्तर पर तय होगी जवाबदेही, दोषियों को चुकानी होगी कीमत
सीएम योगी ने प्रशासन को सख्त निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि कानून के दायरे में रहकर मेरिट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिस किसी ने भी सड़क पर उद्दंडता और अराजकता फैलाकर भय व दहशत का माहौल बनाया है, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि हर स्तर पर जवाबदेही तय की जाएगी और ऐसी हरकत करने वालों को सही ढंग से सबक सिखाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी प्रदेश सरकार मजबूती से उनके साथ खड़ी है।
