प्रेमिका का सिर काटकर बैग में रखा और बोरे में लाश, जवाहर पुल पर फेंक आया
आगरा की एचआर मिंकी शर्मा की हत्या का पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा
दोनों में थे प्रेम सम्बंध, लेकिन छह माह से दूसरे युवक से बात कर रही थी मिंकी
जिस कम्पनी में एचआर थी मिंकी उसी में कम्प्यूटर आपरेटर था विनय राजपूत
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में यमुना पुल पर एक कंपनी की एचआर रही युवती मिंकी शर्मा (25) की सिर कटी लाश मिलने के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। मिंकी की उसके प्रेमी और कम्पनी में ही काम करनेवाले कम्प्यूटर आपरेटर और ट्रांस यमुना कॉलोनी निवासी विनय राजपूत ने ही बेरहमी से हत्या की थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे, लेकिन 6 महीने से मिंकी किसी और से भी बात करने लगी थी। यह बात विनय को नागवार लगी और उसे खौंफनाक कदम उठाया।


आपको बता दें कि आगरा के थाना एत्माद्दौला स्थित जवाहर पुल पर 23 जनवरी की रात एक बजे युवती की बोरे में बंद सिर कटी लाश मिली थी। उसके चेहरे, गर्दन के साथ शरीर पर चोट के निशान थे। शरीर पर सिर्फ गहरे ब्राउन रंग की सलवार थी। बाद में उसकी शिनाख्त पार्वती विहार, टेढ़ी बगिया की मिंकी शर्मा (25) के रूप में हुई। मिंकी पिछले एक सप्ताह से लापता थी। गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद परिवारवाले उसकी तलाश कर रहे थे। मिंकी होटल मैनेजमेंट कोर्स करने के बाद संजय प्लेस में मारुति प्लाजा की छठवीं मंजिल पर एक कंपनी में एचआर थी। 23 जनवरी की दोपहर 2 बजे वह घर से निकली थीं। उसने परिवार वालों को बताया था कि वह भाई की शादी का कार्ड कूरियर करने के लिए जा रही है। पुलिस ने बताया कि कंपनी के ही कंप्यूटर ऑपरेटर विनय राजपूत ने मिंकी की हत्या कर शव को फेंका था। पार्वती विहार निवासी अशोक शर्मा कोल्ड स्टोरेज में कार्यरत हैं। उनकी तीन बेटियों में मिंकी छोटी थी। दो बहने विवाहित हैं और छोटा भाई दीपक प्राइवेट जॉब करता है। उसकी 6 फरवरी को ही शादी है। दोपहर दो बजे से घर से निकली मिंकी रात आठ बजे तक नहीं लौटी तो परिवारवालों को चिंता हुई। उसका मोबाइल स्विच आफ बताने लगा तो परेशानी और बढ़ गई। इसके बाद परिवार के लोग ऑफिस गए, लेकिन बंद था। तब जाकर आनहोनी की आशंका के चलते रात 10 बजे थाना ट्रांस यमुना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

रात करीब 1 बजे लोगों ने जवाहर पुल पर एक बोरा पड़ा देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बोरा खोला तो उसमें महिला का सिर कटी लाश मिली। शरीर पर कपड़े भी नहीं थे। सीसीटीवी फुटेज से एक युवक स्कूटी पर बोरा लेकर जवाहर पुल की तरफ आता नजर आया। शनिवार की देर रात मिंकी की पहचान हो जाने पर पुलिस मृतका के ऑफिस पहुंची। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गये तो विनय राजपूत बोरे को खींचकर ऑफिस से बाहर लेकर जाता दिखा। वह मिंकी के ही स्कूटर पर एमजी रोड और हाईवे पर लगे कैमरों में नजर आ गया। इससे पुलिस को पूरा यकीन हो गया की वारदात को उसी ने अंजाम दिया है। फिर हत्यारे विनय राजपूत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह मिंकी से प्यार करता था। वह भी उससे शादी करना चाहती थी। दोनों ने अपने परिजन को भी बताया था। मगर छह महीने पहले उसे पता चला कि मिंकी किसी और से भी बात करती है। उससे मिलने भी जाती है। यह बात उसे नागवार लगी। उसने मिंकी को दूसरे युवक से बात करने से मना किया तो दोनों में झगड़ा हो गया। उसने बताया कि वह उससे रुपये भी लेती थी और शादी भी नहीं करने दे रही थी।

विनय ने बताया कि उसने मिंकी को घटना वाले दिन ऑफिस बुलाया। बातचीत के दौरान दोनों में झगड़ा हो गया। वह हत्या के इरादे से चाकू लेकर आया था। उसने मिंकी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। गर्दन पर चाकू लगने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को ठिकाने लगाने की तैयारी की। कूड़ा रखने वाले पॉलिथीन में शव को रखा। चाकू से काटकर सिर को धड़ से अलग कर दिया। इसके बाद शव को प्लास्टिक के बोरे में रखकर ऊपर पार्सल पैक करने वाला टेप लपेट दिया। उसने कटा हुआ सिर को अपने बैग में रख लिया। फिर शव को मिंकी की ही स्कूटी पर रखकर जवाहर पुल पहुंचा। उसने शव को यमुना में फेंकने की कोशिश की लेकिन बोरा उठा नहीं सका। इसी दौरान राहगीर आते दिखे तो वही बोरा छोड़कर झरना नाला की तरफ भाग गया। वहीं नाले पर सिर, मोबाइल, मिंकी के कपड़े और बैग को ठिकाने लगाया। शाहदरा के पास मिंकी की स्कूटी को छोड़ दी। फिर अपने दोस्त को बुलाया और उसके साथ घर चला गया।
