किशोरी को बंधक बनाकर तीन आरोपितों ने होटल में किया गैंगरेप
सहेली के साथ गई थी बाजार, चाट की दुकान पर मिले बाइक सवार दो युवक और एक किशोर
पुलिस ने तीनों आरोपितों को लिया हिरासत में, मुख्य आरोपित से प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया
बांदा। यूपी के बांदा जिले के अतर्रा कस्बे की 15 वर्षीया किशोरी के साथ दो युवक और एक किशोर द्वारा बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) का मामला सामने आया है। कक्षा आठ में पढ़ने वाली किशोरी ने आरोप लगाया है कि दुष्कर्मी उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर होटल ले गए। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपित उसे बदहवासी की हालत में पुल के पास फेंककर भाग गए। इस मामले की परिवारवालों की तहरीर पर तीन आरोपितों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच में मामला प्रेम प्रसंग का सामने आया है। पुलिस ने दो युवकों व एक किशोर को हिरासत में ले लिया है।


किशोरी के बताये अनुसार पिछले मंगलवार की शाम किशोरी अपनी सहेली के साथ बाजार आई थी। बाजार में सहेली दूसरे दुकान पर चली गई। इसके बाद किशोरी बांदा रोड स्थित एक चाट की दुकान के पास रुक गई। इसी दौरान बाइक सवार तीनों आरोपित पहुंचे और किशोरी को नशीला पदार्थ सुंघा दिया। इससे वह अर्ध-बेहोशी की हालत में चली गई। फिर आरोपित उसे बाइक पर बैठाकर रात में कस्बा के स्टेशन रोड स्थित एक होटल में ले गए। होटल में गिरवा के सहेवा गांव के महेश कुशवाहा (18), शक्ति सिंह (19) और 15 वर्षीय किशोर ने किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

किशोरी के विरोध करने पर आरोपितों ने उसे गालियां दी और उसके साथ मारपीट की। घटना के बाद आरोपित किशोरी को बदहवासी की हालत में केन नहर पुल के पास छोड़कर भाग गए। इसके बाद किशोरी किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई। पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया। पुलिस की जांच में पता चला कि मुख्य आरोपित और किशोरी पूर्व से ही एक-दूसरे से परिचित हैं। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया। पुलिस विधिक कार्रवाई कर रही है।

