नाबालिग प्रेमियों ने उठाया आत्मघाती कदम, किशोरी ने खाया जहरीला पदार्थ तो किशोरी ने फांसी लगा ली
किशोर की हो गई मौत, किशोरी अस्पताल में भर्ती
परिजनों ने दोनों के मिलने पर लगा दिया था प्रतिबंध
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में प्रेम संबंधों पर पाबंदी लगने से दुखी नाबालिग प्रेमियों ने आत्मघाती कदम उठा लिया। किशोरी ने जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी का प्रयास किया तो किशोर प्रेमी ने फांसी के फंदे पर लटककर जान दे दी। किशोरी का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।


बताते हैं कि किशोर और किशोरी में काफी दिनों से प्रेम सम्बंध था। धीरे-धीरे दोनों के प्रेम सम्बंध की जानकारी दोनों के परिवार वालों को भी हो गई। इस पर परिजनों ने दोनों के मिलने पर पाबंदी लगा दी। फिर भी चोरी से उनका मिलना जारी रहा। एक हफ्ते पहले परिजनों ने फिर बात करते देख लिया तो उन्हें काफी डांटा था। इससे दोनों और दुखी हो गये थे। 28 फरवरी को किशोरी ने फांसी लगाकर जान देने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने उसे बचा लिया। रविवार को फिर दोनों बात करते दिखे तो परिजनों ने कड़ी डांट पिलाई। इसके बाद किशोरी ने सोमवार की सुबह कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन उसे अस्पताल ले गये, जहां उसका इलाज चल रहा है।

इधर, प्रेमी किशोर को प्रेमिका के जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी हुई तो वह भी सोमवार की सुबह घर से गायब हो गया। परिजनों ने काफी तलाश की लेकिन पता नही चला। मंगलवार की सुबह चांदपुर के भिखारी लाल के खेत में पेड़ की डाल से उसका शव लटका मिला। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम पहुंची। जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताते हैं कि मृत किशोर कृष्णपाल की आयु 17 और किशोरी की आयु 16 साल है। दोनों एक ही समाज के है। इस मामले में मृत किशोर के पिता ओम प्रकाश ने थाने में तहरीर दी है। उधर, जहरीला पदार्थ खानेवाली किशोरी की हालत में सुधार की खबर है।

