यूपी में ₹1,141 करोड़ का निवेश करेगी ताइवान की कंपनी क्रिएटिव सेंसर इंक., CM योगी से मिले यूजीन हुआंग
1,150 से अधिक रोजगार के अवसर; एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक्स व सेंसर मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में आएगा 122 मिलियन डॉलर का निवेश प्रस्ताव
राज्य डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में निवेश और औद्योगिक विस्तार को गति देते हुए ताइवान की प्रौद्योगिकी कंपनी क्रिएटिव सेंसर इंक. (Creative Sensor Inc.) के चेयरपर्सन यूजीन हुआंग ने प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक्स और सेंसर मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में लगभग ₹1,141 करोड़ (USD 122 मिलियन) के निवेश का प्रस्ताव रखा।

कानून-व्यवस्था व बुनियादी ढांचे की सराहना, यीडा ताइवान सिटी पर चर्चा
मुलाकात के दौरान यूजीन हुआंग ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की कानून-व्यवस्था, पारदर्शी कार्यप्रणाली और निवेश-अनुकूल नीतियों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर और सकारात्मक औद्योगिक माहौल से वैश्विक निवेशकों का विश्वास बढ़ा है तथा उनकी कंपनी उत्तर प्रदेश में विनिर्माण इकाई स्थापित करने को लेकर उत्साहित है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए प्रस्तावित निवेश पर प्रसन्नता जताई और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने यीडा (YEIDA) क्षेत्र में 300 एकड़ में विकसित हो रही ताइवान सिटी और सेमीकंडक्टर इकाई का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे ITI प्रशिक्षित युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
कंपनी प्रोफाइल और 1,150 से अधिक रोजगार की संभावना
ताइपे (ताइवान) मुख्यालय वाली क्रिएटिव सेंसर इंक. की स्थापना 1998 में हुई थी और यह 2005 से ताइवान स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध है। कंपनी इमेज सेंसर, कैमरा व इन्फ्रारेड सेंसर मॉड्यूल, प्रिसीजन इलेक्ट्रॉनिक्स तथा AI-सक्षम इमेज प्रोसेसिंग और इंडस्ट्रियल इंस्पेक्शन सॉल्यूशंस के क्षेत्र में कार्य करती है।
प्रस्तावित परियोजना से प्रदेश में 1,150 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है, जिनमें स्थानीय इंजीनियरों और प्रबंधन पेशेवरों के लिए 200 से अधिक उच्च-कौशल पद शामिल हैं। इस निवेश से उत्तर प्रदेश के इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम को मजबूती मिलने की बात कही गई है।
