Movie prime
PMC_Hospital

100 गज मकान के लालच में बेटे-बहू ने की मां की हत्या; कॉल रिकॉर्डिंग से खुला राज

बेटी की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा, सबूत मिटाने को चुपचाप किया दाह संस्कार

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

क्राइम डेस्क। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के हरदुआगंज थाना क्षेत्र में संपत्ति के लालच ने रिश्तों को तार-तार कर दिया। यहां मोहल्ला भीमनगर में 100 वर्ग गज के मकान को बहू के नाम न करने पर एक बेटे और बहू ने अपने मायके वालों के साथ मिलकर कथित तौर पर मां गुड्डी देवी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, सबूत मिटाने के उद्देश्य से अगले ही दिन सुबह चुपचाप शव का दाह संस्कार भी कर दिया गया। मृतका की बेटी की तहरीर और एक अहम मोबाइल रिकॉर्डिंग के आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी बेटे अवधेश को शनिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Ad

विवाह के बाद से ही शुरू हो गया था मकान नाम कराने का दबाव

बुलंदशहर के पहासू निवासी कुमकुम (पत्नी शैलेश सिंह) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके परिवार में मां गुड्डी देवी, पिता जगमोहन तथा दो विवाहित भाई गजेंद्र और अवधेश हैं। हरदुआगंज के मोहल्ला भीमनगर में मां गुड्डी देवी के नाम 100 वर्ग गज में मकान बना हुआ है। बड़ा भाई गजेंद्र गांव ग्वालरा में रहता है, जबकि माता-पिता और छोटा भाई अवधेश हरदुआगंज स्थित मकान में रहते थे।

आरोप है कि फरवरी 2026 में अवधेश का विवाह बरला क्षेत्र के गांव रहमापुर निवासी शिवानी (पुत्री हीरालाल) से हुआ था। शादी के कुछ समय बाद ही शिवानी के पिता हीरालाल, मां जानदेवी और भाइयों आकाश व विकास ने अवधेश को उकसाकर हरदुआगंज का मकान शिवानी के नाम कराने के लिए गुड्डी देवी पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। इनकार करने पर उनके साथ आए दिन मारपीट की जाती थी, जिसकी जानकारी मां फोन पर अपनी बेटी कुमकुम को देती रहती थीं।

सुबह 'बीमारी से मौत' बताकर किया दाह संस्कार

कुमकुम के मुताबिक, 20 अक्टूबर को अवधेश और शिवानी उनकी मां को मायके रहमापुर ले गए और 21 अक्टूबर की सुबह वापस हरदुआगंज ले आए। उसी शाम दोनों ने रहमापुर से पिता हीरालाल, भाइयों और अन्य लोगों को घर बुला लिया। आरोप है कि आधी रात तक सभी ने गुड्डी देवी के साथ मारपीट कर मकान और प्लॉट शिवानी के नाम करने का दबाव बनाया। जब उन्होंने साफ इनकार कर दिया, तो सभी ने मिलकर उनकी हत्या कर दी।

ग्रामीणों से पुलिस की शुरुआती पूछताछ में यह भी सामने आया कि घटना वाली रात महिला अपने बेटे-बहू के साथ सो रही थी और अगली सुबह 'बीमारी से मौत' होने की बात प्रचारित कर दी गई। 22 अक्टूबर की सुबह बिना किसी को सही सूचना दिए शव को ग्वालरा ले जाकर आनन-फानन में दाह संस्कार शुरू कर दिया गया। पड़ोसियों ने विरोध किया तो उन्हें धमकाकर थाने जाने से रोका गया, लेकिन कुमकुम ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

हत्या की साजिश की मोबाइल रिकॉर्डिंग बनी सबसे बड़ा सबूत

इस पूरे मामले के खुलासे में एक मोबाइल रिकॉर्डिंग निर्णायक साबित हुई। कुमकुम ने पुलिस को बताया कि शिवानी के भाई विकास और आकाश, अवधेश को लगातार मां की हत्या करने के लिए उकसा रहे थे। विकास के ही फोन से एक रिकॉर्डिंग मिली है, जिसमें अवधेश और विकास हत्या की पूरी योजना बनाते सुनाई दे रहे हैं और ठीक उसी योजना के मुताबिक वारदात को अंजाम दिया गया।

एसपी देहात मनीष कुमार मिश्र ने बताया कि तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर शनिवार को मुख्य आरोपी बेटे अवधेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है।