साहब मैने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी, मुझे गिरफ्तार कर लिजिए
अवैध सम्बंध में एक और सनसनीखेज वारदात : हरदोई में पत्नी की हत्या कर थाने पहुंचा पति, कर दिया आत्मसमर्पण
35 बीघा जमीन की वारिश थीं दो बहनें, एक से पिता ने और दूसरे से बेटे ने कर ली थी शादी
गांव के युवक संग भाग गई थी अंजू, पुलिस ने बरामद कर किया था पति के हवाले
हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई में अवैध सम्बंध को लेकर पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद थाने जाकर आत्मसमर्पण कर दिया। थाने पहुंच कर बोला कि मैने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी है, मुझे गिरफ्तार कर लिजिए। पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में ले लिया और मौके पर पहुंची तो उसकी पत्नी अंजू (25) की लाश पड़ी थी। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हालांकि पश्चिमी यूपी में अवैध सम्बंध को लेकर कभी पत्नी द्वारा पति की और पति द्वारा पत्नी की हत्या के सनसनीखेज मामले आयेदिन मिल रहे हैं। इसी कड़ी में अंजू की हत्या भी जुड़ गई। यह सनसनीखेज वारदात हरदोई जिले के बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के सुरजीपुर गांव में शुक्रवार को हुई।


मूल रूप से रायपुर गुलरिया निवासी नवीन उर्फ छंगा की शादी सात साल पहले सुरजीपुर निवासी अंजू (25) से हुई थी। शादी के बाद नवीन पत्नी के साथ ससुराल में ही रहने लगा था। नवीन ने बताया कि अंजू के अपने गांव के युवक से पहले से प्रेम सम्बंध थे। पिछले 13 जनवरी को वह युवक के साथ चली गई थी। नवीन ने ग्राम प्रधान के जरिए उसने पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस ने 19 जनवरी को अंजू को बरामद कर लिया। पुलिस की पूछताछ में अंजू ने पति नवीन के साथ जाने की इच्छा जताई, तो उसे भेज दिया गया। लेकिन युवक से अवैध सम्बंध को लेकर दम्पती में आयेदिन विवाद होता था। नवीन ने बताया कि शुक्रवार शाम भी घर के अंदर अंजू के साथ उसका विवाद हुआ तभी उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

घटना के वक्त अंजू की मां सुखरानी मकान के बाहर टीनशेड के नीचे बैठी थी। उसे घटना का पता ही नहीं चला। हत्या के बाद नवीन बेहटा गोकुल थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। मृतका के दो बच्चे हैं। इस घर में रिश्ता भी अजीब है। नवीन उर्फ छंगा का विवाह सात साल पहले अंजू (25) से हुआ था। नवीन के पिता रामदेव ने पहले अंजू की बड़ी बहन से शादी की थी। बाद में उन्होंने अपनी साली अंजू का विवाह अपने बेटे नवीन से करा दिया था। एक ही परिवार की दो बहनें पिता और बेटे से ब्याही गई थीं। इसका कारण अंजू के परिवार की सम्पत्ति थी। मृतका अंजू के पिता सुरेश पांडेय का कोई पुत्र नहीं था, दो बेटियां ही थी। उनके पास करीब 35 बीघा जमीन थी। इसी कारण नवीन पिछले पांच सालों से अपने ससुराल सुरजीपुर में ही रह रहा था। दामाद होने के कारण ससुराल की सम्पत्ति पर हक जताता रहा। लेकिन पत्नी का युवक से अवैध सम्बंध दोनों के सुखी जीवन में बाधक रहा। आखिरकार उसकी परिणति अंजू की हत्या के रूप में हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी पति नवीन को गिरफ्तार कर ले लिया गया है।

