पत्नी को दो गोलियां मारी और फिर ईंट से कूंचकर मार डाला
आजमगढ़ के युवक ने हरियाणा के पानीपत में दिया सनसनीखेज वारदात को अंजाम
लाश बोरे में भरकर ठिकाने लगाने जा रहा था, लोगों ने देखा तो लाश छोड़ भाग निकला
अवैध सम्बंध बना घटना का कारण, पत्नी कर रही थी विरोध
आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के रूपाईपुर गांव के राजीव यादव ने हरियाणा के पानीपत में पत्नी प्रियंका यादव (34) को दो गोली मारी और फिर ईंट से कूंचकर हत्या कर दी। प्रियंका का मायका जौनपुर में है। यह सनसनीखेज वारदात 24 नवंबर को हुई। यही नही पत्नी की हत्या के बाद राजीव लाश को ठिकाने लगाने जा रहा था। लोगों ने उसे देख लिया तो लाश छोड़कर भाग गया। हरियाणा पुलिस की सूचना पर आजमगढ़ से राजीव के परिवारवाले और जौनपुर से प्रियंका के मायकेवाले पहुंचे। मायकेवालों ने राजीव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। घटना का कारण राजीव के दूसरी महिला से अवैध सम्बंध बताया जाता है।


हरियाणा के पानीपत क्षेत्र के लोगों को घटना की जानकारी तब हुई जब राजीव पत्नी की लाश बोरे में भरकर नहर में फेंकने जा रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इधर, परिवारवाले भी हरियाणा पहुंचे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर राजीव के कमरे तक पहुंची और घटना का खुलासा हुआ। जानकारी के अनुसार अहरौला थाना क्षेत्र के रूपाईपुर गांव के राजीव यादव की शादी 13 वर्ष पहले जौनपुर जिले के सरायख्वाजा क्षेत्र के उत्तरपट्टी गांव की प्रियंका यादव के साथ हुई थी। राजीव पानीपत में रहकर काम करता था। प्रियंका पिछले छह महीने से पति के साथ पानीपत में रह रही थी। दो छोटे बच्चे भी हैं। लेकिन वह आजमगढ़ में दादा और दादी के पास थे।

हरियाणा में राजीव के एक अन्य युवती से संबंध थे। पत्नी को इसकी जानकारी थी, इसलिए उस महिला को लेकर दोनों में विवाद होता था। पत्नी राजीव के अवैध सम्बंध में बाधक बन गई तो उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना की जानकारी पर पानीपत पहुंचे प्रियंका के मायके वालों ने पति राजीव के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पोस्टमार्टम आदि की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुक्रवार को परिजन प्रियंका का शव लेकर रूपाईपुर स्थित ससुराल लाये। यहां शव का अंतिम संस्कार किया गया। उधर, हरियाणा के पानीपत पुलिस हत्यारोपित पति की तलाश कर रही है।

