Movie prime
PMC_Hospital

बलिया में सनसनीखेज घटना: सारनाथ एक्सप्रेस के आगे कूदकर युवा दरोगा ने दी जान, ट्रैक के पास मिली बाइक और मोबाइल

2023 बैच के सब-इंस्पेक्टर संदीप कुमार की मौत से पुलिस महकमे में हड़कंप; 6 माह के मासूम के सिर से उठा पिता का साया, हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस।

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

Ad

भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क, बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज खबर सामने आई है। चितबड़ागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत वाराणसी-छपरा रेल मार्ग पर शनिवार देर शाम 2023 बैच के युवा उपनिरीक्षक (दरोगा) संदीप कुमार ने सारनाथ एक्सप्रेस के आगे कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटनास्थल के पास से मृतक दरोगा की बाइक और मोबाइल फोन बरामद होने के बाद इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

Ad
Ad

बाइक खड़ी कर ट्रैक पर पहुंचे, लोको पायलट ने दी सूचना

मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से संतकबीरनगर जनपद के निवासी संदीप कुमार (2023 बैच) की तैनाती बलिया के चितबड़ागांव थाने में थी। शनिवार शाम वह ड्यूटी पर जाने की बात कहकर निकले थे। बताया जा रहा है कि धर्मापुर-नागपुर मार्ग स्थित रेलवे ट्रैक के समीप उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल खड़ी की, वहीं अपना मोबाइल फोन रखा और सामने से आ रही सारनाथ एक्सप्रेस के आगे कूद गए। ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे के तुरंत बाद ट्रेन के लोको पायलट ने चितबड़ागांव स्टेशन मास्टर को घटना की जानकारी देते हुए आधिकारिक मेमो सौंपा, जिसमें ट्रैक के सामने आकर आत्महत्या करने की बात कही गई।

दो दिन पहले हुआ था तबादला, नहीं हुए थे कार्यमुक्त

विभागीय सूत्रों के मुताबिक, सब-इंस्पेक्टर संदीप कुमार का महज दो दिन पहले ही चितबड़ागांव थाने से पकड़ी थाने के लिए स्थानांतरण (तबादला) हुआ था। हालांकि, छठ महापर्व की ड्यूटी और व्यस्तता के कारण उन्हें अभी पुराने तैनाती स्थल से कार्यमुक्त (रिलीव) नहीं किया गया था।

एसपी समेत आला अधिकारी मौके पर, मोबाइल खोलेगा राज

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. ईरज राजा, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा, सीओ अक्षय कुमार और जीआरपी/आरपीएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने दरोगा के मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है।

चर्चा यह भी है कि दिवंगत दरोगा का मऊ जनपद की किसी महिला से संपर्क था और किसी बात को लेकर तनाव चल रहा था। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने इस बिंदु पर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। कॉल डिटेल्स (CDR) और चैट की जांच के बाद ही आत्महत्या के असली कारणों से पर्दा उठ सकेगा।

6 माह के मासूम के सिर से उठा पिता का साया

युवा दरोगा संदीप कुमार विवाहित थे और उनका महज छह महीने का एक छोटा बच्चा है। जैसे ही इस हृदयविदारक घटना की सूचना संतकबीरनगर स्थित उनके परिजनों को दी गई, घर में कोहराम मच गया।

पुलिस अधीक्षक का बयान: मामले पर जानकारी देते हुए एसपी डॉ. ईरज राजा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मोबाइल फोन सहित सभी संभावित पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।