यूपी के अमरोहा में दूसरी ‘सीमा हैदर‘ पति संग गिरफ्तार
नेपाल के रास्ते अमरोह पहुंची थी बांग्लादेशी महिला रीना बेगम
अमरोहा। उत्तर प्रदेश के जनपद अमरोहा में अवैध रूप से रह रही एक और सीमा हैदर पकड़ी गई। पुलिस ने बांग्लादेशी महिला और उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। महिला ने अमरोहा के एक व्यक्ति से सऊदी अरब में छह साल पहले निकाह किया था। महिला टूरिस्ट वीजा लेकर नेपाल आई और वहां से भारत में दाखिल हुई थी। इस मामले में पुलिस ने दोनों के खिलाफ विदेशी अधिनियम 1946 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार अमरोहा जिले के मंडी धनौरा थाना पुलिस को सूचना मिली कि मुहल्ला कटरा मंडी धनौरा में राशिद अली के घर एक बांग्लादेशी महिला रह रही है। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि महिला रीना बेगम बांग्लादेश की राजधानी ढाका के गाजीपुर की निवासिनी है।



रीना और राशिद की मुलाकात सऊदी अरब के एक अस्पताल में नौकरी के दौरान हुई थी। रीना बेगम भी सऊदी अरब में उसी अस्पताल में नौकरी करती है, जिसमें फर्नीचर का ठेका राशिद अली के पास है।रशीद अली ने छह साल पहले रीना से सऊदी अरब में निकाह कर लिया था। राशिद कई बार बांग्लादेश भी गया था। रीना टूरिस्ट वीजा लेकर नेपाल पहुंची और वहां से वह पति के साथ बिना किसी वीजा के नेपाल के महेंद्र नगर के रास्ते भारत में दाखिल हुई। वह राशिद के साथ दो माह से रह रही थी। खुफिया विभाग के अधिकारियों ने दोनों से करीब दो घंटे तक पूछताछ की। दोनों ने निकाह की रसीद भी प्रस्तुत की। यह भी पता चला कि रीमा उसकी की दूसरी बीबी है। पहली पत्नी नगर में ही रहती है।

एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि बांग्लादेशी महिला के अवैध रूप से रहने की जानकारी मिली थी। इसके बाद टीम को मौके पर भेजा गया। इस महिला ने मंडी धनौरा के रहने वाले राशिद के साथ निकाह कर रखा है। राशिद ही महिला को नेपाल के रास्ते लेकर आया था। महिला के खिलाफ विदेशी अधिनियम और राशिद के खिलाफ शरण देने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

