यूपी के 3 जिलों में 8वीं तक के स्कूल बंद, कई प्राइवेट स्कूलों ने 12वीं तक की कक्षाएं की बंद
भारी बारिश और जलभराव के चलते प्रशासन का फैसला
लखनऊ (भदैनी मिरर समाचार)। उत्तर प्रदेश में जारी मूसलाधार बारिश और उससे उत्पन्न हुए जलभराव ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार हो रही तेज बारिश के कारण बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर जिलों के जिलाधिकारियों (DM) ने सोमवार (7 सितंबर) को कक्षा 1 से 8वीं तक के सभी सरकारी, परिषदीय और प्राइवेट (CBSE/ICSE/UP Board) स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।

इसके अलावा बरेली जिले के प्रमुख निजी स्कूलों जैसे जीआरएम स्कूल की सभी शाखाएं, माधवराव सिंधिया पब्लिक स्कूल और पद्मावती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 12वीं तक की कक्षाओं के लिए अवकाश घोषित किया गया है।
बारिश से ढहे कच्चे मकान, हादसे में 4 की मौत
प्रदेश भर में बारिश का कहर जारी है और कई स्थानों से जर्जर मकान ढहने की खबरें आई हैं:

-
कानपुर में दर्दनाक हादसा: कानपुर में तेज बारिश के चलते एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। मलबे के नीचे दबकर पिता और उनकी तीन बेटियों की दुखद मौत हो गई।
-
बिजनौर में महिला घायल: बिजनौर के रेहड़ क्षेत्र स्थित सादकपुर गांव में लगातार बारिश से शाकिर अहमद का कच्चा घर ढह गया, जिसमें दबकर गृहस्वामिनी तायरा खातून गंभीर रूप से घायल हो गईं।
-
मेरठ में गाड़ियाँ क्षतिग्रस्त: मेरठ के ब्रह्मपुरी इलाके में शारदा रोड पर एक जर्जर भवन का हिस्सा अचानक गिर गया, जिससे सड़क पर खड़ी कई कारें मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गईं।
मौसम विभाग का अलर्ट और तापमान में गिरावट
बरेली में रविवार दोपहर करीब 3 घंटे तक मूसलाधार बारिश दर्ज की गई, जिससे पिछले 24 घंटों में 15 मिमी से अधिक वर्षा रिकॉर्ड हुई है। इसके चलते अधिकतम तापमान गिरकर 30.6°C और न्यूनतम तापमान 24.7°C पर पहुंच गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार के अनुसार, आगामी दिनों में भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा और तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।

