
UP में इस दिन बंद रहेंगे स्कूल, कॉलेज, बैंक और सरकारी दफ्तर, योगी सरकार ने की घोषणा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रावस्ती से किया बड़ा ऐलान



लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को श्रावस्ती दौरे के दौरान बड़ा ऐलान किया। उन्होंने घोषणा की कि 7 अक्टूबर 2025 को महर्षि वाल्मीकि जयंती पर प्रदेशभर में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इस दिन सभी स्कूल-कॉलेज, बैंक और सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे।


सीएम योगी ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने मानव समाज को रामायण जैसी महान कृति दी है। उनकी जयंती को भव्य रूप से मनाने के लिए प्रदेश सरकार ने विशेष कार्यक्रम तय किए हैं। इस अवसर पर हर देव मंदिर में रामायण का अखंड पाठ आयोजित किया जाएगा और जिले-जिले में सामाजिक व सांस्कृतिक आयोजन होंगे।

श्रावस्ती के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्थान प्राचीन काल में भारत की आर्थिक गतिविधियों का केंद्र रहा है। साथ ही यह बौद्ध और जैन धर्म का पावन स्थल भी है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रावस्ती में लगभग 510 करोड़ रुपये की 54 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और सड़क विकास कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि, “श्रावस्ती का गौरवशाली इतिहास रहा है, और हमारी सरकार इसे विकास के पथ पर अग्रसर करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
प्रदेश सरकार का मानना है कि महर्षि वाल्मीकि जयंती जैसे आयोजन समाज को अपनी संस्कृति और विरासत से जोड़ने के साथ-साथ सामाजिक एकता का भी संदेश देते हैं।

