देवर और भाभी ने मिलकर उतारा था सचिन को मौत के घाट, अवैध सम्बंध बना घटना का कारण
पति से था विवाद तो भाभी मधु के देवर धर्मेंद्र से बन गये मधुर सम्बंध
अलीगढ़ स्थित थाना हरदुआगंज में सचिन हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा
12 अगस्त को दीनदयालपुर गांव में सचिन सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी मौत
अलीगढ़। यूपी के अलीगढ़ स्थित थाना हरदुआगंज पुलिस टीम ने एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा किया। बताया कि मृतक सचिन सिंह की पत्नी मधु और देवर धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने ही उसकी हत्या कर दी थी। मृतक की पत्नी और उसके देवर के बीच अवैध सम्बंध ही मौत का कारण बना। पुलिस ने आरोपितों को धारा 103(1) के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।


पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्तों ने मिलकर मृतक सचिन की गला घोंटकर हत्या की थी। पिछले 12 अगस्त को हरदुआगंज थाना क्षेत्र के ग्राम दीनदयालपुर में सचिन सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस एवं फील्ड यूनिट टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण गला घोंटना सामने आया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच की।

गांव में पूछताछ के दौरान पता चला कि मृतक सचिन और उसकी पत्नी मधु के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी। इसी दौरान मृतक के छोटे भाई धर्मेन्द्र प्रताप सिंह और उसकी पत्नी मधु के बीच अवैध संबंध हो गए थे। इसी कारण दोनों ने मिलकर सचिन की हत्या की साजिश रची और उसे मार डाला। पुलिस ने आरोपित देवर धर्मेन्द्र प्रताप सिंह और भाभी मधु को उनके घर से गिरफ्तार कर दिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना अपराध स्वीकार किया। इस खुलासे में थाना हरदुआगंज के थानाध्यक्ष कुलवीर सिंह, एसएसआई उपेन्द्र सिंह मलिक, एसआई अजहर हसन, जितेन्द्र पराशर, कांस्टेबल मुनेन्द्र कुमार, विपिन कुमार और महिला कांस्टेबल शालू पंवार की अहम भूमिका रहीं।

